विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुक्तसर में मायके से पत्नी को लाने की जिद पर भड़का बेटा, कृपाण से वार कर पिता की ली जान

Published: Sun, 25 Oct 2026 05:14 PM (IST)

बहू को मायके से वापस लाने की बात पर हुए विवाद में बेटे ने पिता पर कृपाण से वार कर ...और पढ़ें

मुक्तसर में घर में जांच करते हुए पुलिस।

मुक्तसर में घर में जांच करते हुए पुलिस।

HighLights

  1. बेटे ने कृपाण से हमला कर पिता की हत्या की।

  2. बहू को मायके से वापस लाने पर हुआ विवाद।

  3. पुलिस ने आरोपी बेटे पर हत्या का केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, गिद्दड़बाहा। मुक्तसर के गिद्दड़बाहा के वार्ड नंबर 19 में शनिवार रात बहू को मायके से वापस लाने की बात को लेकर हुए विवाद में बेटे ने कथित तौर पर अपने पिता की कृपाण से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बख्शीश सिंह के रूप में हुई है।

वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी जसपाल कौर ने बताया कि 24 अक्टूबर की रात करीब 7:20 बजे वह अपने पति बख्शीश सिंह, बेटे गुरचरण सिंह और पोती मनजोत कौर के साथ घर में मौजूद थी।

यह भी पढ़ें- विदेश में रह रही बहन को ब्लैकमेल करने से नाराज थे भाई, पटियाला में किडनैप कर किया कत्ल; तीन आरोपी गिरफ्तार

झगड़ कर मायके गई थी बहू

उसकी बहू सुमन रानी सात अक्टूबर को पति गुरचरण सिंह के साथ हुए झगड़े के बाद मायके फरीदकोट चली गई थी। जसपाल कौर के अनुसार, उसका पति बख्शीश सिंह बेटे गुरचरण सिंह को बहू सुमन रानी को वापस घर लाने के लिए बातचीत करने को कह रहा था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच बहस शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें- फिरोजपुर सिविल अस्पताल में चोरों का आतंक, दरवाजे-खिड़कियां ही नहीं चौखटें तक उखाड़ ले गए

कमरे से कृपाया उठा किया वार

आरोप है कि गुस्से में गुरचरण सिंह कमरे में रखी कृपाण उठा लाया व अपने पिता पर तीन वार कर दिए। कृपाण के वार बख्शीश सिंह की बाईं बांह, बाईं टांग के घुटने के पास और बाएं कान के नजदीक लगे। इस दौरान मृतक का भतीजा सुखदीप सिंह निवासी रूप नगर, गिद्दड़बाहा भी मौके पर पहुंच गया।

परिजनों ने जब बख्शीश को संभाला तो उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने जसपाल कौर के बयानों के आधार पर गुरचरण सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व विधायक रामिंदर सिंह ने थामा SAD का दामन; फिरोजपुर की राजनीति का बदला समीकरण