'मोदी सरकार ने इतनी महंगाई बढ़ाई कि घर चलाना मुश्किल', पंजाब में चुनावी बिगुल फूंकने मोगा पहुंचे अरविंद केजरीवाल
मोगा में पंजाब खुशहाल महारैली में अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार पर बरसे। उन्होंने घोषणा की कि ये योजनाएं तभी चलती रहेंगी, अगर पंजाब में भगवंत मान को दोबारा मुख्यमंत्री बनाया जाए।

मोगा रैली में बोलते हुए अरविंद केजरीवाल।
HighLights
केजरीवाल ने मोगा में 2027 पंजाब चुनाव अभियान का आगाज किया।
भगवंत मान को दोबारा सीएम बनाने पर ही योजनाएं जारी रहेंगी।
केंद्र सरकार पर महंगाई बढ़ाने और पंजाब के काम रोकने का आरोप।
जागरण संवाददाता, मोगा। पंजाब में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने मोगा की महारैली से चुनावी अभियान का आगाज कर दिया। पार्टी के स्थापना दिवस और संविधान दिवस पर आयोजित खुशहाल पंजाब महारैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एलान कर दिया कि पंजाब में शुरू हुई सभी योजनाएं तभी चालू रहेंगी, अगर भगवंत मान को दोबारा से मुख्यमंत्री बनाया जाता है।
केजरीवाल ने कहा कि विपक्षीय पार्टियां सभी योजनाओं को बंद करने की बात कह चुकी हैं। उन्होंने इस दौरान पंजाब सरकार के काम को भी लोगों के सामने रखा। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार के कामों को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने अड़चने पैदा की। मोदी सरकार ने भी अदालत का सहारा लिया, लेकिन आम आदमी पार्टी पीछे नहीं हटी।
उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि मोदी सरकार ने महंगाई इतनी बढ़ा दी है कि आम लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में पंजाब की भगवंत मान सरकार महिलाओं को हर महीने एक हजार और 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी।
महिलाएं इस पैसे को अपनी जरूरत के अनुसार खर्च कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह सरकार बनने के साथ ही महिलाओं को यह सहायता देना चाहते थे, लेकिन पिछली सरकारें सरकारी खजाना खाली करके चली गई थीं। उनकी सरकार ने मेहनत करके खजाना भरा और अब महिलाओं से किया वादा पूरा किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 'चुनौतियों से लड़कर बनी पहचान, काम की राजनीति से बदली तस्वीर', स्थापना दिवस पर अरविंद केजरीवाल का संदेश

मोगा में अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंंत मान को सम्मानित करते हुए नेता।
पिछली सरकारों पर खजाना लूटने का आरोप
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने सरकारी खजाने का पैसा लूटा और स्विट्जरलैंड में खाते खुलवाए। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी ने पंजाब की सत्ता संभाली तो सरकारी खजाने की स्थिति ठीक नहीं थी। इसे दोबारा मजबूत करने में समय लगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की योजना शुरू करने में देरी की एक बड़ी वजह यही रही।
संविधान की रक्षा आप की जिम्मेदारी
संविधान दिवस और पार्टी के स्थापना दिवस का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश के संविधान को अपनाया गया था। इसी तारीख को आम आदमी पार्टी की स्थापना भी हुई थी। उन्होंने कहा कि यह ऊपर वाले की इच्छा और एक संकेत है कि जिस समय संविधान का अपमान किया जा रहा है, उस समय इसकी रक्षा की जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी को मिली है।
उन्होंने कहा कि अब संविधान को बचाने की जिम्मेदारी उनकी पार्टी की है। केजरीवाल ने रैली में उमड़ी भीड़ को लेकर दावा किया कि सामने दो लाख से अधिक लोग मौजूद हैं और लगातार लोग पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार पंजाब के इतिहास में इतनी बड़ी रैली शायद पहले कभी नहीं हुई होगी।
यह भी पढ़ें- मोगा में AAP की खुशहाली पंजाब रैली से पहले हादसा, कॉफ मशीन फटी, मजदूर की मौत
पंजाब सरकार के कामकाज का किया जिक्र
केजरीवाल ने पंजाब सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले जनता को कई गारंटियां दी गई थीं। इन्हें केजरीवाल की गारंटी कहा जाता था, लेकिन ये केवल चुनावी वादे नहीं थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में लोगों को मुफ्त बिजली मिल रही है।
तीर्थ यात्रा योजना और मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए गए हैं। सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार किया गया है और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास किया है। महिलाओं को एक हजार रुपये देने की योजना भी इसी दिशा में एक कदम है।
10 लाख नए लोगों को दिए जाएंगे राशन कार्ड
रैली में केजरीवाल ने नए लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किए। पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने बताया कि राज्य में 10 लाख नए लोगों को राशन कार्ड दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों के हित में भी काम कर रही है। मावां-धीयां योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
सिसोदिया ने बुजुर्गों के लिए शुरू की गई तीर्थ यात्रा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बुजुर्ग माता-पिता को वातानुकूलित बसों से धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाती है। उनके ठहरने के लिए अच्छे होटलों की व्यवस्था की जाती है और पूरी यात्रा का खर्च सरकार उठाती है। उन्होंने कहा कि जब बुजुर्ग हरिद्वार की हरकी पौड़ी या श्री दरबार साहिब में माथा टेकते हैं तो सरकार को दुआएं देते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।