दिवाली की रात मोगा में पटाखे चलाने को लेकर हुआ विवाद, दो गुटों में चली गोली, एक युवक गंभीर घायल
मोगा के साहिबजादा अजीत नगर में दिवाली पर पटाखे चलाने के विवाद को लेकर युवकों ने हैप्पी अरोड़ा पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
पटाखों को लेकर दिवाली रात मोगा में खूनी विवाद।
हैप्पी अरोड़ा को गोली लगी, गंभीर हालत में अस्पताल।
पुलिस ने 11 पर केस दर्ज कर 6 को पकड़ा।
संवाद सहयोगी, मोगा। दिवाली पर पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मोगा के साहिबजादा अजीत नगर में सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद करीब 10 से 12 युवकों ने हैप्पी अरोड़ा नामक युवक को घेरकर पहले उसके साथ मारपीट की और फिर गोली चला दी। गोली लगने से हैप्पी गंभीर रूप से घायल हो गया।
उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच साहिबजादा अजीत नगर में पटाखे चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि दिवाली के मौके पर पड़ोस में रहने वाले कुछ युवक देर रात तक पटाखे चला रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले बहसबाजी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज तक पहुंच गई। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन विवाद की रंजिश बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।
परिवार के सदस्यों के आरोपों के मुताबिक, कुछ समय बाद हैप्पी अरोड़ा अपने दोस्तों को घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि करीब 10 से 12 युवकों ने रास्ते में उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट करने के बाद गोली चला दी। गोली लगने से हैप्पी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में AAP ब्लॉक प्रधान ने भाई का किया कत्ल, जमीनी विवाद बना कारण; सिर और सीने में मारी गोली
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को रात करीब 12 बजे साहिबजादा अजीत नगर में गोली चलने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि पटाखे चलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद घर लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की गई और फायरिंग की गई।
यह भी पढ़ें- PCS मेंस रिजल्ट विवाद के बीच डॉक्यूमेंट स्क्रूटनी का शेड्यूल जारी, गुस्साए अभ्यर्थियों ने PPSC ऑफिस के बाहर दिया धरना
11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
डीएसपी ने बताया कि घायल युवक के बयान दर्ज करने के बाद 11 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें कार्रवाई कर रही हैं।
पुलिस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में भी जांच कर रही है। दिवाली जैसे खुशी के त्योहार पर पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंचने से इलाके में दहशत का माहौल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।