घर में घुसकर युवती को किया अपहरण, लहूलुहान कर सड़क पर फेंका; परिवार ने दुष्कर्म का लगाया आरोप
मोगा जिले के बधनी कलां गांव से 17 वर्षीय लड़की का अपहरण कर लिया गया। दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोगों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। छत पर सो रहे चाचा के शोर मचाने पर घटना का पता चला। बाद में वह एक पेट्रोल पंप के पास घायल अवस्था में मिली।

संवाद सहयोगी, मोगा। पुलिस थाना बधनी कलां में आते एक गांव की 17 वर्षीय लड़की को दो मोटरसाइकिलों पर आए पांच लोग वीरवार की रात 11 बजे घर में घुस उसका अपहरण करके ले गए।
गली में तब डीजे सिस्टम लगा था इसलिए तब घटना का पता नहीं चला, लेकिन छत पर सो रहे लड़की के चाचा ने पता चलने पर शोर मचाया। परिवार पूरी रात किशोरी की तलाश करता रहा।
शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना देने के बाद वह घर आ गए। देर शाम को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी पेट्रोल पंप के पास पड़ी है। परिवार के लोग लड़की को घर ले आए। उसकी हालत इतनी खराब थी कि पूरा चेहरा तेजधार हथियारों से कटा होने के साथ-साथ लहूलुहान हो चुका था।
मामले की सूचना पुलिस को दी और घायल अवस्था में उसे जिले के सिविल अस्पताल में लाया गया। सूचना मिलते ही थाना बधनी कलां की पुलिस अस्पताल पहुंची।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी का अपहरण करके दुष्कर्म किया गया है। अगवा करने वाले लोग पास के ही गांव तखानवध के हैं। थाना बधनी कलां के प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।