अमित शाह के दौरे के 8 घंटे के भीतर मानसा पहुंची CBI, परविंदर झोटा हत्याकांड से जुड़े दस्तावेज कब्जे में लिए
मानसा में एंटी ड्रग नेता परविंदर झोटा हत्याकांड की जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के आश्वासन के आठ घंटे के भीतर सीबीआई टीम पहुंच गई है।

मानसा में थाने से जरूरी दस्तावेज लेकर जाते हुए CBI की टीम।
HighLights
CBI टीम अमित शाह के दौरे के 8 घंटे बाद मानसा पहुंची।
परविंदर झोटा हत्याकांड के महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए।
जांच अधिकारी से पूछताछ, घटनास्थल का दौरा और बयान दर्ज होंगे।
जागरण संवाददाता, मानसा। एंटी ड्रग टास्क फोर्स के नेता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा परिवार को आश्वासन दिए जाने के बाद, मंगलवार देर रात करीब बारह बजे CBI की टीम थाना सिटी-2 पहुंच गई। गृह मंत्री के दौरे के महज आठ घंटे के भीतर ही जांच एजेंसी के सक्रिय होने से मामले में तेजी आ गई है।
पांच सदस्यों की विशेष CBI टीम ने थाना सिटी-2 पहुंचकर परविंदर झोटा हत्याकांड से जुड़े तमाम महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। इसके साथ ही, टीम ने मामले के जांच अधिकारी से लंबी पूछताछ की। CBI की टीम ने अश्विनी कुमार के हथियार लाइसेंस, मेडिकल लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजातों की करीब डेढ़ घंटे तक बारीकी से जांच-पड़ताल की।
यह भी पढ़ें- अमित शाह का पंजाब दौरा: बोले- मुझे अपशब्द कहने से कुछ न हाेगा, नशा चरम पर है; कल मानसा पहुंचेगी CBI की टीम

बीते दिन परविंदर सिंह झोटा के परिवार से बातचीत करते हुए गृह मंत्री अमित शाह।
घटनास्थल का दौरा और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया
आज CBI की टीम परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह के बयान दर्ज करेगी। इसके अलावा, टीम घटनास्थल का दौरा करेगी और आरोपी अश्विनी कुमार के संबंध में पूरी जानकारी जुटाएगी।
जांच के दौरान टीम यह भी पता लगाएगी कि घटना से ठीक पहले अश्विनी कुमार ने किन-किन लोगों को फोन किए थे। उनकी कॉल डिटेल खंगाली जाएगी। साथ ही, परविंदर सिंह झोटा द्वारा नशा बेचने वाले केमिस्टों के खिलाफ जुटाए गए पुख्ता सबूतों को भी सीबीआई अपने कब्जे में लेगी।
यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा की हत्या की जांच करेगी CBI, मानसा पहुंचे अमित शाह ने किया एलान- 120 दिन में केस होगा हल
घायल लोगों से भी होगी पूछताछ
इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए CBI टीम हमले के दौरान घायल हुए अन्य लोगों से भी पूछताछ कर सकती है। अमित शाह ने भरोसा दिलाया था कि CBI 120 दिन में पूरे मामले को हल कर देगी। फिलहाल, स्थानीय पुलिस और प्रशासन भी इस CBI जांच में पूरा सहयोग कर रहा है।
