मानसा: बुढलाडा के प्राइमरी स्कूल में दिखा सांप, मची अफरा-तफरी; शिक्षकों ने बच्चों को भेजा घर
बुढलाडा के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में सांप निकलने से अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की सुरक्षा के लिए तुरंत छुट्टी कर दी गई। पास स्थित खाली प्लॉटों की गंदगी से खतरा बना है।

खिड़की जाली में फंसे सांप को निकालते हुए स्थानीय लोग और बच्चों को घर भेजते हुए स्कूल मैनेजमेंट।
HighLights
सरकारी प्राइमरी स्कूल में अचानक सांप निकलने से दहशत।
बच्चों की सुरक्षा हेतु शिक्षकों ने तुरंत छुट्टी की घोषणा।
आसपास के निजी प्लॉटों की सफाई पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, बुढलाडा (मानसा)। मानसा शहर के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे बच्चों के सामने अचानक सांप निकल आया। सांप को देखते ही स्कूल में दहशत का माहौल बन गया। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शिक्षकों ने तुरंत स्कूल में छुट्टी कर दी और सभी बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में सांप निकलने के बाद उसे बाहर निकालने के लिए कुछ सपेरों से संपर्क किया गया। इसी दौरान सांप स्कूल की खिड़कियों की दरारों में जा छिपा, जिससे उसे बाहर निकालने में परेशानी आने लगी। सांप को बाहर निकालने के लिए कुछ लोगों ने खिड़कियों के पल्ले तोड़कर प्रयास भी किया।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के घर पहुंचे डेरा ब्यास प्रमुख गुरिंदर ढिल्लों, राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
निजी प्लॉटों में सफाई की कमी बनी चिंता
इस घटना के बाद स्कूल के साथ लगते निजी प्लॉटों में सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि इन प्लॉटों में गंदगी और सफाई के उचित प्रबंध नहीं होने के कारण स्कूल के आसपास सांपों और अन्य जीव-जंतुओं के आने का खतरा बना रहता है।
हालांकि ये प्लॉट निजी मालिकाना हक वाले हैं, लेकिन स्कूल के बिल्कुल साथ होने के कारण इनकी साफ-सफाई का मामला सीधे तौर पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।
शिक्षिकाओं ने टिप्पणी करने से किया इनकार
घटना के संबंध में जब शिक्षिकाओं से बातचीत करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने केवल इतना बताया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत छुट्टी कर उन्हें घर भेज दिया गया था।
यह भी पढ़ें- पंजाब में SGPC का चुनाव आज, हरजिंदर सिंह धामी को दोबारा मिल सकती है कमान; छठी बार अध्यक्ष बनने के आसार
बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
स्कूल में सांप निकलने की घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि स्कूल प्रबंधन और संबंधित प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या स्कूल परिसर के आसपास सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और साथ लगते निजी प्लॉटों के मालिकों को सफाई करवाने के लिए कहा जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।