यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राज्यसभा जाएंगे केजरीवाल? AAP की 'एक्सचेंज पॉलटिक्स' से हलचल तेज
आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने लुधियाना पश्चिम उपचुनाव (Ludhiana West Bye-Election) के लिए राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा (Sanjeev ...और पढ़ें

HighLights
- राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में AAP ने बनाया उम्मीदवार
- आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल का राज्यसभा में जाने का साफ होगा रास्ता
- विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद खाली हुई थी सीट
इन्द्रप्रीत सिंह, चंडीगढ़। Punjab News: विधायक गुरप्रीत गोगी (Gurpreet Gogi) के निधन के बाद खाली हुई लुधियाना पश्चिम सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राज्यसभा सदस्य और प्रसिद्ध उद्योगपति संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) को पार्टी ने चुनाव मैदान में उतार दिया है।
केजरीवाल को राज्यसभा भेजने का रास्ता साफ?
महत्वपूर्ण यह है कि अभी तक इस सीट पर चुनाव आयोग ने चुनाव की घोषणा नहीं की है, लेकिन आम आदमी पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) राज्यसभा के सदस्य के रूप में इस्तीफा चुनाव लड़ने से पूर्व देंगे या फिर उपचुनाव में जीतने के बाद करेंगे, लेकिन इतना तय है कि आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को राज्यसभा में भेजने का रास्ता साफ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- आंबेडकर व भगत सिंह की फोटो हटाने पर गरमाई सियासत, विधानसभा में निंदा प्रस्ताव पास; AAP ने कांग्रेस को भी दिया झटका
.jpeg)
मान सरकार की कैबिनेट में 2 मंत्रियों के स्थान खाली
इस सीट पर कांग्रेस के भारत भूषण आशु भी विधायक रह चुके हैं और पूर्व कैप्टन सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री भी रह चुके हैं। वह पिछले चुनाव में हार गए थे। दिल्ली में चुनाव हारने के बाद से ही राजनीतिक हलकों में यह चर्चा चल रही थी कि अरविंद केजरीवाल पंजाब में सक्रिय होंगे लेकिन वह किस रूप में होंगे इसको लेकर तरह तरह की अटकलें थीं।
अब राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) को लुधियाना पश्चिमी से उपचुनाव में उतारने की घोषणा होने के बाद से कम से कम यह साफ हो गया है कि संजीव अरोड़ा को न केवल यहां से जितवाने के लिए सरकार पूरा जोर लगाएगी बल्कि उन्हें कैबिनेट में लिया जाएगा। इस समय भगवंत मान की कैबिनेट में दो मंत्रियों के स्थान खाली हैं।
विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद खाली हुई थी सीट
काबिले गौर है कि लुधियाना पश्चिमी के विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद पार्टी को एक लोकप्रिय उम्मीदवार की तलाश थी, जो प्रतिद्वंद्वियों को मात देने में सक्षम हो।
ऐसे में राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा का नाम घोषित करके पार्टी ने दूसरी पार्टियों से बढ़त भी बना ली है। उधर, विपक्षी पार्टियों ने आप की ओर से संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार घोषित करने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
पीछे के दरवाजे से राज्यसभा जाएंगे केजरीवाल: सुखपाल खैरा
कभी आम आदमी पार्टी की ओर से विपक्ष के नेता रहे कांग्रेस के विधायक सुखपाल खैरा ने एक्स पर लिखा कि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम से उम्मीदवार बनाकर यह तय कर दिया हैं कि अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पीछे के दरवाजे से राज्यसभा जाएंगे।
उन्होंने लिखा कि केजरीवाल ने अरोड़ा को पंजाब में कैबिनेट में जगह दिलाने के लिए रिश्वत दी है ताकि उनकी राज्यसभा सीट हड़प सकें। अब राज्यसभा में एक ऐसा सदस्य होगा, जो पंजाबी नहीं जानता होगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान अब केजरीवाल के इस निर्णय से पंजाबी भाषा का बचाव कैसे करेंगे। एक बात यह भी तय हो गई हैं कि केजरीवाल बगैर कुर्सी के रह नहीं सकते हैं।
उम्मीदवार बनाए जाने के बाद क्या बोले संजीव अरोड़ा?
लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए पार्टी द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा ने कहा कि वह अपने शहर के लोगों की सेवा करना चाहते हैं। संजीव अरोड़ा ने एक्स पर लिखा कि आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभारी हूं, जिन्होंने लुधियाना पश्चिम के उपचुनाव के लिए मुझ पर विश्वास जताया। चूंकि यह मेरे होम टाउन का मामला है और मैं ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने लोगों की सेवा करने के लिए तैयार हूं।
