लुधियाना में ट्रक और ऑटो की टक्कर, ऑटो चालक समेत तीन की मौत, 3-4 घायल, चालक ट्रक छोड़कर फरार
हंबड़ा रोड पर ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर में ऑटो चालक और महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
लुधियाना में ट्रक-ऑटो की भीषण टक्कर हुई।
हादसे में ऑटो चालक समेत तीन की मौत।
ट्रक चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हुआ।
संवाद सहयोगी, लुधियाना। लुधियाना के थाना लाडोवाल के अंतर्गत आते हंबड़ा रोड पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन से चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब नौ बजे हंबड़ा से मुल्लांपुर जाने वाले मार्ग पर हुआ। ऑटो में कुल सात से आठ लोग सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक के साथ ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक जसवीर सिंह और एक महिला सुरिंदर कौर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे में घायल हुए लोगों को हंबड़ा के पावा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में चुनाव से पहले माहौल खराब करने की कोशिश नाकाम, ISI समर्थित आतंकी माड्यूल पकड़ा, 4 हैंड ग्रेनेड बरामद
चचेरे भाई बोले- जसवीर के दो बच्चे हैं
मृतक ऑटो चालक जसवीर सिंह के चचेरे भाई जगरूप सिंह ने बताया कि जसवीर की उम्र करीब 45-46 साल थी। वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। परिवार का पालन-पोषण करने के लिए वह तीन पहियों वाला ऑटो चलाता था। जगरूप सिंह ने बताया कि उन्हें घर से बच्चों का फोन आया कि चाचा का एक्सीडेंट हो गया है।
पहले उन्हें जेके होटल के पास हादसा होने की जानकारी मिली, लेकिन वहां पहुंचने पर कोई नहीं मिला। बाद में बेटे ने फोन कर बताया कि हादसा पंप के पास हुआ है। जब वह मौके पर पहुंचे तो ट्रक वहां खड़ा था, लेकिन उसका चालक फरार हो चुका था।
यह भी पढ़ें- वर्धमान ग्रुप चेयरमैन से ठगी का मामला: ED ने दाखिल की पूरक शिकायत, डिजिटल अरेस्ट कर लिए थे 7 करोड़
तीनों शव मॉर्च्यूरी में रखवाए
थाना लाडोवाल के एसएचओ हरदीप सिंह ने बताया कि ट्रक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हुई थी। ऑटो में सवार तीन लोगों की मौत हुई है और तीन से चार लोग घायल हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवा दिया है। दो मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।