अमृतसर में देर युवक पर चली गोलियां, घर की छत से ईंटें फेंक बचा पीड़ित, तीन युवकों पर धमकी देने का आरोप
अमृतसर की फतेह सिंह कॉलोनी में पारिवारिक रंजिश के चलते युवक पर गोलियां चलाई गईं। पीड़ित ने छत से ईंटें फेंककर जान बचाई और पुलिस ने मौके से चार खाली खोल बरामद किए।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
अमृतसर में युवक पर पारिवारिक रंजिश के चलते फायरिंग हुई।
युवक ने छत से ईंटें फेंककर हमलावरों को भगाया, जान बचाई।
पुलिस ने घटनास्थल से चार खाली खोल बरामद किए, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर की फतेह सिंह कॉलोनी की गली नंबर 26 में देर रात पारिवारिक रंजिश के चलते एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। घर के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी कर रहे पारस पर चार-पांच नकाबपोश हमलावरों ने गोलियां चलाईं। युवक ने छत से ईंटें फेंककर अपनी जान बचाई। गोलियां घर के मुख्य गेट पर लगीं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए और इलाके में दहशत फैल गई।
पारस ने बताया कि चार-पांच दिन पहले उसके भाई बन्नी का पारिवारिक मामले को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। वह अपने भाई के समर्थन में खड़ा था। पारस के अनुसार, समीर, विशाल और राहुल ने उसे इस मामले से दूर रहने और बन्नी का साथ न देने की धमकी दी थी। भाई का साथ छोड़ने से इनकार करने पर उसे निशाना बनाया गया।
यह भी पढ़ें- वर्धमान ग्रुप चेयरमैन से ठगी का मामला: ED ने दाखिल की पूरक शिकायत, डिजिटल अरेस्ट कर लिए थे 7 करोड़
4-5 युवक पहुंचे हमला करने
पारस के मुताबिक घटना वाली रात वह घर के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी कर रहा था। इसी दौरान मुंह ढके चार-पांच युवक वहां पहुंचे और उस पर गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से वह घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए छत से हमलावरों पर ईंटें फेंकने लगा। इसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले।
पारस के भाई बन्नी ने बताया कि उसकी दूसरी शादी भावना शर्मा के साथ हुई है और वह पिछले आठ वर्षों से उसके साथ रह रहा है। पारिवारिक विवाद के चलते कुछ लोग उसे और उसके परिवार को लगातार धमकियां दे रहे थे। बन्नी ने अपने छोटे भाई पर गोली चलाने की घटना को कायराना हरकत बताते हुए पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें- पंजाब में प्रिस्क्रिप्शन और ID प्रूफ दिखाने पर ही मिलेगी प्रीगाबालिन 75mg, PCA ने वापस लिया बिक्री बंद का फैसला
घटनास्थल से 4 खोल बरामद
सूचना मिलते ही 112 नंबर और पीसीआर की गाड़ी मौके पर पहुंची। पीसीआर अधिकारी अवतार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से गोलियों के चार खाली खोल बरामद किए गए हैं। घर के मुख्य गेट पर गोलियां लगने के निशान भी मिले हैं।
इसके बाद फतेहगढ़ चौकी से एएसआई बलजिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम से फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर रही है। जांच के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।