'सुरक्षित घूमना नागरिकों का अधिकार', पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने राज्यों से मांगी आवारा कुत्तों की नसबंदी रिपोर्ट
हाईकोर्ट ने आवारा कुत्तों के आतंक पर सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ को हर महीने नसबंदी और टीकाकरण की प्रगति रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
हाईकोर्ट ने आवारा कुत्तों की समस्या पर सख्त रुख अपनाया।
प्रत्येक जिले में नसबंदी व टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए।
नागरिकों की सुरक्षा और पशु जन्म नियंत्रण पर विशेष जोर दिया।
दयानंद शर्मा, चंडीगढ़। शहरों और गांवों की सड़कों पर घूमते आवारा कुत्तों की समस्या और उनके हमलों से आम लोगों की सुरक्षा को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि एक तरफ बेजुबान पशुओं का संरक्षण जरूरी है, तो दूसरी तरफ बच्चों और आम नागरिकों को सड़कों पर बिना किसी डर के आने-जाने का अधिकार भी सुरक्षित रहना चाहिए।
इसी को ध्यान में रखते हुए हाई कोर्ट ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ प्रशासन को प्रत्येक जिले में आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण अभियान चलाने तथा हर महीने इसकी प्रगति रिपोर्ट दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य न्यायाधीश अश्वनी कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति रोहित कपूर की खंडपीठ ने कहा कि तीनों प्रशासन पशु जन्म नियंत्रण नियम, 2023 का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें। इसके तहत प्रत्येक जिले में नसबंदी और टीकाकरण की व्यवस्था की जाए। अदालत ने अधिकारियों को हर महीने शपथपत्र के माध्यम से यह बताने को कहा है कि कितने अभियान चलाए गए, कितने कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण हुआ तथा कितने पशुओं को पशु जन्म नियंत्रण केंद्रों में रखा गया।
यह भी पढ़ें- दवाओं के दुरुपयोग पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट सख्त, केंद्र और राज्य सरकारों से पूछा निगरानी का प्लान
आठ वर्षीय बच्चे की मौत पर जताई चिंता
सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने अमृतसर में आवारा कुत्तों के हमले में आठ वर्षीय बच्चे की मौत की घटना का विशेष उल्लेख किया। पीठ ने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक और झकझोर देने वाली हैं। बच्चों और नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों के हमले के भय के बिना घूमने का अधिकार मिलना चाहिए। अदालत ने कहा कि इस समस्या पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।
एनजीओ दे सकेंगे जमीन और अन्य सुविधाएं
सुनवाई में एक गैर सरकारी संगठन की ओर से अधिवक्ता अनुराग चोपड़ा ने अदालत को बताया कि कई संस्थाएं और पशु कल्याण संगठन आवारा कुत्तों के लिए विशेष केंद्र स्थापित करने के उद्देश्य से जमीन और अन्य सुविधाएं देने को तैयार हैं, लेकिन सरकारी अधिकारी उनका सहयोग स्वीकार नहीं कर रहे।
इस पर पीठ ने कहा कि अभी तक रिकॉर्ड पर ऐसा कोई ठोस प्रस्ताव नहीं आया है, जिसमें किसी संस्था ने वास्तव में जमीन या अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की पेशकश की हो। अदालत ने याचिकाकर्ताओं के साथ अन्य एनजीओ, पशु कल्याण संगठनों और स्वयंसेवकों को भी संबंधित उपायुक्त के समक्ष जमीन अथवा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखने की अनुमति दे दी। उन्हें इस संबंध में शपथपत्र के माध्यम से अदालत को भी जानकारी देनी होगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले AAP को झटका, पूर्व सीएम चन्नी को हराने वाले विधायक डॉ. चरणजीत अकाली दल में शामिल
गोद लिए कुत्तों को सड़कों पर छोड़ने की अनुमति नहीं
हाई कोर्ट ने आवारा कुत्तों के पुनर्वास के लिए गोद लेने वाले केंद्र स्थापित करने पर भी जोर दिया। अदालत ने कहा कि जो लोग कुत्तों को गोद लें, उनकी जिम्मेदारी होगी कि वे बाद में उन्हें सड़कों पर खुला न छोड़ें और उनकी उचित देखभाल करें।
पीठ ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ प्रशासन को अलग-अलग निर्धारित वेबसाइट बनाने के निर्देश भी दिए हैं, जिन पर नसबंदी, टीकाकरण और अन्य गतिविधियों की मासिक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
अदालत ने माना कि सरकारें पहले भी आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए कदम उठाने का दावा करती रही हैं, लेकिन अब तक किए गए प्रयास दोनों पक्षों की चिंताओं का पूरी तरह समाधान नहीं कर पाए हैं। मामले में अगली सुनवाई 11 जनवरी, 2027 को होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।