विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले AAP को झटका, पूर्व सीएम चन्नी को हराने वाले विधायक डॉ. चरणजीत अकाली दल में शामिल

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:43 AM (IST)

चमकौर साहिब से आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी टिकट कटने से नाराज होकर शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए हैं। अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें सदस्यता दिलाई।

डॉ. चरजीत सिंह चन्नी को पार्टी जॉइन करवाते हुए अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल व अन्य सीनियर नेता।

डॉ. चरजीत सिंह चन्नी को पार्टी जॉइन करवाते हुए अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल व अन्य सीनियर नेता।

HighLights

  1. डॉ. चरणजीत सिंह ने AAP छोड़ अकाली दल का दामन थामा।

  2. टिकट कटने से नाराज थे चमकौर साहिब के विधायक।

  3. पंजाब में AAP छोड़ने वाले चौथे विधायक बने डॉ. चरणजीत।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। चमकौर साहिब से पार्टी के विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने आम आदमी पार्टी छोड़कर शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया है। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट कटने से नाराज चल रहे डॉ. चरणजीत सिंह के पार्टी छोड़ने की अटकलें पिछले कई दिनों से लगाई जा रही थीं। हालांकि, उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की चर्चा भी थी, लेकिन शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन होने के बाद उन्होंने अकाली दल का विकल्प चुना।

आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अब तक दो सूचियों में 117 विधानसभा सीटों में से 71 पर उम्मीदवारों की घोषणा की है। इनमें आठ मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं। पार्टी ने चमकौर साहिब से डॉ. चरणजीत सिंह की जगह जसबीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाया है।

इसके बाद से ही डॉ. चरणजीत सिंह पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव हर हाल में लड़ेंगे। ऐसे में उनके पार्टी छोड़ने से चमकौर साहिब की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: AAP ने चरणजीत चन्नी का टिकट काटा, बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे जसवीर गढ़ी को मिला मौका

टिकट कटने के बाद की थी बैठक

टिकट कटने के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र के 200 से अधिक प्रमुख समर्थकों के साथ बैठक भी की थी। इस दौरान समर्थकों ने हाथ उठाकर उन्हें अगला राजनीतिक फैसला लेने के लिए समर्थन दिया था। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को चेतावनी दी थी कि यदि स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान नहीं किया गया तो वह पार्टी छोड़कर किसी अन्य राजनीतिक दल में जा सकते हैं।

डॉ. चरणजीत सिंह ने आरोप लगाया था कि उन्होंने 12 साल से अधिक समय तक पार्टी के लिए काम किया और अपनी संपत्ति तक लगा दी, लेकिन नेतृत्व ने उनकी कद्र नहीं की। उन्होंने यह भी कहा था कि पिछले एक साल से मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगने के बावजूद उन्हें मुलाकात का समय नहीं दिया गया। टिकट कटने के बाद उनकी नाराजगी लगातार सार्वजनिक होती रही।

आप छोड़ने वाले चौथे विधायक

डॉ. चरणजीत सिंह पंजाब में आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले चौथे विधायक हैं। उनसे पहले सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और अमृतसर नार्थ से कुंवर विजय प्रताप सिंह पार्टी छोड़ चुके हैं। इन तीनों विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। अब डॉ. चरणजीत सिंह के अकाली दल में शामिल होने से आप को एक और राजनीतिक नुकसान हुआ है।

यह भी पढ़ें- AAP के कैबिनेट मंत्रियों की सीटों पर सस्पेंस बरकरार, अब तक 71 उम्मीदवार घोषित; BJP-SAD व कांग्रेस में इंतजार

छह राज्यसभा सदस्य भी छोड़ चुके हैं पार्टी

इससे पहले अप्रैल 2026 में पंजाब से आम आदमी पार्टी के टिकट पर राज्यसभा पहुंचे छह सांसदों ने भी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इनमें राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रमजीत सिंह साहनी और राजिंदर गुप्ता शामिल थे। विधायकों के बाद सांसदों के पार्टी छोड़ने और अब डॉ. चरणजीत सिंह के अकाली दल में जाने से पंजाब में आम आदमी पार्टी के सामने राजनीतिक चुनौती बढ़ती दिखाई दे रही है।

यह भी पढ़ें- पंजाब निकाय चुनाव: AAP ने बाघा पुराना, धर्मकोट और पटियाला के लिए 30 उम्मीदवारों की सूची की जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।