लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन बने तरसेम भिंडर, शिअद छोड़ AAP में हुए थे शामिल
इंप्रूवमेंट ट्रस्ट का चेयरमैन बनाए जाने के बाद तरसेम भिंडर ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है वे उस पर हर हाल में खरा उतरेंगे। वे ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जिससे इंप्रूवमेंट ट्रस्ट में लोगों के काम बिना किसी परेशानी के पारदर्शिता के साथ हों।

जागरण संवाददाता, लुधियाना: आप आदमी पार्टी की सरकार ने पार्टी के वरिष्ठ नेता तरसेम भिंडर को लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी है। भिंडर एक या दो दिन में चेयरमैन पद का कार्यभार संभाल लेंगे। सरकार ने भिंडर पर विश्वास जताया है, इससे उनका राजनीतिक कद भी बढ़ेगा।
उनके नाम की घोषणा होते ही समर्थकों में खुशी ही लहर दौड़ गई। भिंडर ने पहले 24 साल तक शिरोमणि अकाली दल में अपनी जिम्मेदारियों को निभाया था। पिछले साल ही उन्होंने अकाली दल को अलविदा कर आम आदमी पार्टी का झाड़ू थाम लिया था। वे पार्टी में प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
इंप्रूवमेंट ट्रस्ट का चेयरमैन बनाए जाने के बाद तरसेम भिंडर ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है वे उस पर हर हाल में खरा उतरेंगे। वे ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जिससे इंप्रूवमेंट ट्रस्ट में लोगों के काम बिना किसी परेशानी के पारदर्शिता के साथ हों। भिंडर मूल रूप से अमृतसर जिले के रहने वाले हैं।
हालांकि उनका परिवार पिछले कई साल पहले लुधियाना बस गया था। वर्ष 1997 में उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। शिअद में उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया। वे शिअद में यूथ विंग के मालवा जोन के प्रधान भी रहे थे। वे दो बार पार्षद बने। उनकी लुधियाना पूर्वी हलके में अच्छी पकड़ है। वे विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार भी थे।
इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन के लिए चुनौतियां भी कम नहीं
लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन का पद काफी महत्वपूर्ण है। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट पिछले वक्त में कई बार विवादों में रहा है। ऐसे में ट्रस्ट के कामकाज में कई बार अंगुली तक उठ चुकी है। पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूर्व चेयरमैन रमन बाला सुब्रमण्यम पर विजिलेंस ने प्लाटों की अलाटमेंट में धांधली करने और रिश्वत लेने का केस दर्ज कर रखा है। रमन अब तक विजिलेंस के हाथ नहीं आए हैं। ट्रस्ट की पूर्व ईओ कुलजीत कौर भी घोटाले में न्यायिक हिरासत में है। साफ है कि तरसेम भिंडर के लिए यह जिम्मेदारी चुनौती से कम नहीं होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।