विदेश में बैठे आका के इशारे पर लुधियाना के रिसोर्ट मालिक पर चलाई गोलियां, दो शूटर गिरफ्तार; हथियार बरामद
लुधियाना में रिसोर्ट मालिक के घर फिरौती के लिए फायरिंग करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने हथियार समेत गिरफ्तार किया है। आरोपित विदेश में बैठे हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
लुधियाना रिसोर्ट मालिक पर फिरौती के लिए फायरिंग।
दो आरोपी जतिंदर और सुखबीर गिरफ्तार, हथियार बरामद।
विदेश में बैठे हैंडलर के निर्देश पर हुई वारदात।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना में फिरौती के लिए रिसोर्ट मालिक के घर पर फायरिंग करने के मामले में पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों जतिंदर और सुखबीर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध .30 बोर पिस्तौल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित विदेश में बैठे एक हैंडलर के सीधे संपर्क में थे और उसी के निर्देश पर उन्होंने रिसोर्ट मालिक के घर पर गोलियां चलाई थीं। पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को लुधियाना में एक रिसोर्ट मालिक के घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग की गई थी।
इस वारदात को फिरौती से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान एजीटीएफ पंजाब और लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने आपसी तालमेल से कार्रवाई करते हुए जतिंदर और सुखबीर को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें- होशियारपुर के भरे बाजार में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, फायरिंग में दो राहगीर घायल; घटना का Video वायरल
विदेश में बैठे हैंडलर के संपर्क में थे आरोपित
पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपित विदेश में बैठे एक हैंडलर के सीधे संपर्क में थे। आरोप है कि विदेशी हैंडलर के निर्देश पर ही उन्होंने रिसोर्ट मालिक के घर पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों का विदेशी हैंडलर से संपर्क कैसे हुआ और इस वारदात के पीछे फिरौती की कितनी रकम की मांग की गई थी। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग करने के लिए आरोपितों को हथियार किसने उपलब्ध करवाया था।
यह भी पढ़ें- श्री गंगानगर रेलवे ट्रैक बम ब्लास्ट मामले में चौथी गिरफ्तारी, पुलिसकर्मी का बेटा गुरदासपुर से अरेस्ट
हथियार और कारतूस बरामद, नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से एक अवैध .30 बोर पिस्तौल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में थाना पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (पीएयू), लुधियाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपितों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।
जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे, आरोपितों को किसने निर्देश दिए और विदेश में बैठा हैंडलर किस आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा है। पुलिस अन्य सहयोगियों की पहचान करने के लिए भी जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और फिरौती से जुड़ी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए अभियान जारी है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।