कनाडा में फिरौती के लिए कारोबारी को धमकाने वाला पंजाब मूल का युवक गिरफ्तार, पेट्रोल डालकर लगाई थी आग
कनाडा में फिरौती के लिए परिवार और कारोबारी को धमकाने तथा आगजनी करने के आरोप में पंजाब मूल के युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने फिरौती मामलों में सख्त कार्रवाई तेज कर दी है।

कनाडा में गिरफ्तार जसजीत सिंह की फाइल फोटो।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। कनाडा में फिरौती के लिए कारोबारियों और उनके परिवारों को निशाना बनाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने ब्रैम्पटन निवासी 29 वर्षीय पंजाब मूल के जसजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पीड़ित को अप्रैल से लगातार पैसे देने के लिए धमकियां मिल रही थीं। धमकियों में उसके परिवार, घर, कारोबार और निजी संपत्ति को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
पुलिस ने जसजीत सिंह के खिलाफ जबरन वसूली का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच पांच सितंबर को एक कारोबारी प्रतिष्ठान में आग लगने की घटना के बाद शुरू हुई थी। सुबह करीब 4:45 बजे पुलिस को आग लगने की सूचना मिली थी।
जांच में सामने आया कि एक व्यक्ति ने गैरेज के दरवाजे के पास ज्वलनशील पदार्थ, जिसे पेट्रोल माना जा रहा है, डालकर आग लगा दी थी। इस घटना में कारोबारी प्रतिष्ठान और आसपास खड़े वाहनों को करीब एक लाख कनाडाई डॉलर का नुकसान हुआ था।
आगजनी की घटना से पहले पीड़ित को लगातार धमकियां मिल रही थीं। पैसे की मांग पूरी नहीं करने पर उसके परिवार और कारोबार को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी जा रही थी। पुलिस ने इसी जांच के आधार पर जसजीत सिंह को गिरफ्तार कर उस पर जबरन वसूली का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें- कनाडा में दोस्ती के लिए दो पंजाबियों की गई जान, अब दोस्त शव भारत भेजने के लिए जुटा रहे फंड; टारगेट $40 हजार
111 लोगों को कनाडा से निकाला
कनाडा में फिरौती और उससे जुड़ी हिंसक आपराधिक घटनाओं को लेकर कार्रवाई भी तेज की गई है। कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी के सितंबर में जारी आंकड़ों के अनुसार, विभिन्न आधारों पर 188 लोगों के खिलाफ देश से निष्कासन के आदेश जारी किए गए थे, जबकि 111 लोगों को कनाडा से बाहर भेजा गया। इनमें फिरौती से जुड़ी हिंसा और अपराध के मामले भी शामिल थे। ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र में 50 निष्कासन आदेश जारी हुए और 23 लोगों को देश से बाहर किया गया।
कपिल शर्मा के कैफे के आरोपी भी अरेस्ट
इससे पहले इसी महीने ब्रिटिश कोलंबिया में भी फिरौती से जुड़े मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इन पर भारतीय मनोरंजन जगत के कलाकार कपिल शर्मा के सरे स्थित रेस्तरां कप्स कैफे को निशाना बनाने सहित अन्य वारदातों के आरोप हैं। ब्रिटिश कोलंबिया प्रोविंशियल एक्सटॉर्शन टास्क फोर्स ने दोनों गिरफ्तारियों की जानकारी दी थी।
जांच के मुताबिक, दोनों आरोपितों पर जिन गोलीबारी की घटनाओं में संलिप्तता के आरोप हैं, वे अक्टूबर 2025 में हुई थीं। 12 अक्टूबर को सरे में एक घर पर गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें एक महिला घायल हुई थी। इसके चार दिन बाद 16 अक्टूबर को कप्स कैफे को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी।
घटना के समय कैफे बंद था, लेकिन अंदर मौजूद दो कर्मचारी सुरक्षित रहे थे। इनकी पहचान 22 वर्षीय प्रदीप सिंह और सवीर खान के रूप में हुई थी। दोनों पर लापरवाही से हथियार चलाने का एक-एक आरोप लगाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।