Punjab Weather Update : किसानों के लिए राहत, पंजाब में एक सप्ताह तक वर्षा के बिलकुल आसार नहीं
Punjab Weather Update पंजाब में किसानों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में एक सप्ताह तक बिलकुल भी बारिश नहीं होने के आसार हैं। वहीं ज्यादातर जिलों में धान की फसल पक कर तैयार खड़ी है व कई जगहों पर कटाई शुरू हो चुकी है।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। Punjab Weather Update : वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से पंजाब में शनिवार से साेमवार तक बादल छाए रहे और कई जिलों में हल्की व कई में तेज वर्षा हुई। जिससे किसानों की नींद उड़ गई। क्योंकि इस समय पंजाब के ज्यादातर जिलों में धान की फसल पक कर तैयार खड़ी है और कई जिलों में कटाई शुरू हो चुकी है।
किसानों को भय था कि अगर आगे भी वर्षा व बादल रहे, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर जाएगा। लेकिन, किसानों को अब डरने की जरूरत नहीं है। क्योंकि मौसम केंद्र चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार पंजाब में 15 अक्तूबर तक अब वर्षा के बिलकुल आसार नहीं है। मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी। इसके साथ ही दिन के तापमान में फिर से बढ़ोतरी होगी, जबकि रात का तापमान गिरेगा।
वर्षा हुई तो धान की कटाई लेट होगी
कृषि विशेषज्ञ डा. सुखपाल सिंह का कहना है कि इस समय वर्षा न ही हाे तो यह किसानों और हमारे पर्यावरण के लिए अच्छा है। वर्षा हुई तो धान की कटाई लेट होगी। कटाई लेट हुई तो गेहूं की बिजाई में बहुत कम समय रह जाएगा। पहले ही सितंबर के आखिरी और अब पिछले एक सप्ताह से मौसम धान के लिए अच्छा नहीं रहा है।
धान की कटाई और गेहूं की बिजाई में समय कम होने पर किसान अगली फसली की तैयारी के लिए खेतों में पराली को आग लगाने से गुरेज नहीं करेंगे। ऐसा करना किसानों की मजबूरी हो जाएगी। ऐसे में अच्छा होगा कि हम मौसम किसानों का साथ दें और धान की कटाई निर्विघ्न पूरी हो जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।