पंजाब: खन्ना में दर्दनाक हादसा, बस और टिप्पर की टक्कर; 20 से अधिक महिलाएं घायल
खन्ना के बीजा चौक पर एक मिनी बस और टिप्पर की टक्कर में 20 से अधिक महिला कर्मचारी घायल हो गईं। बस पलटने से यह हादसा हुआ जिसमें तीन महिलाओं की हालत गंभीर है। ये महिलाएं मंडी गोबिंदगढ़ की रहने वाली हैं और दोराहा की एक फैक्ट्री में काम करती हैं। तेज रफ्तार टिप्पर ने बस को टक्कर मारी जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, खन्ना। गुरुवार सुबह खन्ना शहर के बीजा चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक फैक्ट्री की महिला कर्मचारियों को लेकर जा रही मिनी बस और पत्थरों से भरे एक तेज रफ्तार टिप्पर की जबरदस्त टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलट गई और उसमें सवार 20 से ज़्यादा महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें से तीन को गंभीर हालत में रेफर किया गया। जानकारी के मुताबिक, सभी महिलाएं मंडी गोबिंदगढ़ की रहने वाली हैं और दोराहा की एक निजी फैक्ट्री में काम करती हैं।
वे रोजाना की तरह आज भी फैक्ट्री जाने के लिए बस में बैठकर निकली थीं। जैसे ही बस बीजा चौक पर पहुंची, विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने बस को साइड से टक्कर मार दी। इससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बस से बाहर निकालना शुरू किया और एंबुलेंस बुलाईं। सभी महिलाओं को खन्ना के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों वाहन तेज़ रफ्तार में थे, जिससे चालक अपने वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाए।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। घायलों की पहचान कुसुम लता (60)अमरजीत कौर (45) मनमीत कौर (21) रिंकी देवी (35) केसरपति (40) सुनीता (36) नीना कुमारी (20) कंचन (30) अनीता (35) मनजीत कौर (45) वीना देवी (30) पूनम देवी (45)सोनिया (45) मिक्की (30) सभी निवासी मंडी गोबिंदगढ़ के तौर पर हुई।
स्थानीय सरपंच गुरमीत सिंह ने हादसे को रफ्तार की लापरवाही का नतीजा बताया और कहा कि अगर वाहन धीमे चलते तो यह हादसा टाल सकता था। बस चालक ने भी बताया कि टिप्पर तेज़ी से आया और साइड से टक्कर मार दी, जिससे बस पलट गई। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल के सब-इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।