आस्ट्रेलिया से दो दिन पहले लौटा था पति, प्लानिंग कर बेटे को बाहर भेजकर पत्नी को चाकू से गोदा; चरित्र पर था शक
आस्ट्रेलिया से लौटने के महज दो दिन बाद एक व्यक्ति ने पक्खोवाल रोड स्थित विकास नगर में अपनी पत्नी की ...और पढ़ें

मृतक महिला की फाइल फोटो और हत्या करने वाला पति।
HighLights
पति ने ऑस्ट्रेलिया से लौटकर पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या की।
बेटे को सामान लेने भेजकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
पत्नी के चरित्र पर शक हत्या का मुख्य कारण बताया गया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित विकास नगर में आस्ट्रेलिया से लौटने के दो दिन बाद ही एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपित ने वारदात को अंजाम देने से पहले बेटे को सामान लेने के लिए घर से बाहर भेज दिया। बेटा जब वापस लौटा तो मां कमलदीप कौर (49) का शव बेडरूम में खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।
महिला के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। हत्या के बाद आरोपित ने चाकू धोकर रसोई में रख दिया और घर से बाहर निकल गया। बेटे ने इसकी सूचना थाना दुगरी की पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपित पति रविंदर सिंह (50) को गिरफ्तार कर लिया है। रविंदर सिंह पिकअप वैन चलाता है।
दंपती का छोटा बेटा आस्ट्रेलिया में रहता है। दोनों कुछ समय पहले उससे मिलने विदेश गए थे। कमलदीप करीब चार महीने पहले भारत लौट आई थी, जबकि रविंदर करीब छह महीने से आस्ट्रेलिया में रहने के बाद दो दिन पहले ही लौटा था। उसका बड़ा बेटा गगनदीप सिंह भी उनके साथ रहता है। आरोपित अपनी पत्नी पर शक करता था।
यह भी पढ़ें- दीवाली के गिफ्ट का व्हाट्सएप पर लिंक आएं तो हो जाएं सावधान, साइबर ठग मिनटों में खाली कर देंगे बैंक खाता
प्लानिंग के तहत जूस लाने भेजा
गगनदीप के मुताबिक, वह दो दिन पहले ही पिता को अमृतसर एयरपोर्ट से लेकर आया था। पहले दिन घर में सब सामान्य रहा। अगले दिन वह पिता को बीपी की दवा दिलवाने भी लेकर गया था। रविवार शाम मां ने उसे दूध लाने और शीशा लगवाने के लिए कहा। इसके बाद पिता ने उसे जूस लाने के लिए भी बाहर भेज दिया। जब वह सामान लेकर वापस लौटा तो घर में मां खून से लथपथ पड़ी थी।
उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। पिता ने प्लानिंग के तहत उसे घर से बाहर भेजने के बाद वारदात को अंजाम दिया। जब वह मौके पर पहुंचा तो पिता घर से बाहर निकल रहे थे। उसने अंदर जाकर मां को संभाला और शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया।
इसके बाद कमलदीप को दीप अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता उसकी मां पर शक करते थे और दोनों के बीच अक्सर बहसबाजी होती रहती थी। उसे आशंका है कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी।
यह भी पढ़ें- पंजाब से ऊना लाए जा रहे 148 किलोग्राम पनीर की खेप पकड़ी, खाद्य सुरक्षा विभाग ने भरे सैंपल; गुणवत्ता पर सवाल
रास्ते में पड़ाेसन से की मुलाकात
पड़ोसन नरिंदर कौर ने बताया कि वह गुरुद्वारे से लौट रही थीं तो रास्ते में आरोपित उन्हें मिला। उन्होंने कहा सत श्री अकाल जी। महिला ने उससे पूछा, कि आप विदेश से आ गए। तो उसमे कहा हां। इतना कहने के बाद वो वहां से चला गया। नरिंदर कौर ने बताया कि जब वो कमलदीप के घर के बाहर पहुंची तो देखा कि गेट खुला हुआ था। इलाके में पहले चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए उन्होंने घर के पास जाकर कमलदीप को आवाज लगाई।
इसी दौरान अंदर से बेटे के मां-मां चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। बेटे ने उन्हें बुलाकर बताया कि उसकी मां की हत्या कर दी गई है। नरिंदर कौर के अनुसार, कमलदीप का शव जमीन पर पड़ा था और इसी दौरान उसका पति घर से बाहर निकलता दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।
पेट और पीठ पर चाकू से किए कई वार
थाना दुगरी के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि कमलदीप के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए गए। वार इतने गंभीर थे कि शरीर की नसें तक कट गईं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था।
हालांकि, दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और हत्या की असली वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या रविंदर ने भारत लौटने से पहले ही हत्या की योजना बना ली थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।