लुधियाना में ब्यूटी पार्लर को आया फोन, मैडम शादी में मेहंदी लगाने आ जाओ, कोठी पर पहुंची तो किया सामूहिक दुष्कर्म
लुधियाना में युवकों ने ब्यूटी पार्लर को शादी में मेहंदी लगाने के बहाने एनआरआइ की कोठी में बुलाया। वहां पांच युवकों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर सड़क किनारे फेंक दिया। महिला ने मामले की शिकायत पुलिस में दी है।
लुधियाना [अश्वनी पाहवा/सुरिंदर अरोड़ा]। 'मैडम हमारे घर में शादी समारोह है। इसके लिए आपको मेहंदी लगाने के लिए आना है।' ब्यूटी पार्लर का काम करने वाली महिला को जब ऐसा फोन आया तो वह शादी में मेहंदी लगाने के लिए जाने को तैयार हो गई। लेकिन, उसके बाद जो हुआ उसके बारे में उसने सोचा भी नहीं होगा। आधे रास्ते तक महिला को उसके पति ने छोड़ा, इसके बार कार सवार उसे लेने आए। वह उसे एक एनआरआइ की कोठी में ले गए, जहां कोई शादी नहीं थी। वहां पांच युवकों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हैबोवाल के इलाके में रहने वाली पीड़िता के पति ने बताया कि उसकी चार वर्ष पहले शादी हुई थी। महिला घर पर ही रहकर ब्यूटी पार्लर का काम करती है। साथ ही वह शादी विवाह के समारोह में मेहंदी लगाने का काम भी करती थी। शुक्रवार की शाम को एक युवक ने महिला को फोन कर उसे मुल्लांंपुर में शादी समारोह में मेहंदी लगाने के लिए बुलाया।
युवक ने कहा कि वह उसे लेने के लिए लुधियाना के एमबीडी मॉल के पास दोस्त को भेज देगा। इसके बाद युवक के दो दोस्त कार से लुधियाना के एमबीडी माल के बाहर पहुंचे। वहां तक महिला के पति ने उसे छोड़ा। वहां पर एक काले रंग की आल्टो कार आई। कार में दो युवक सवार थे। युवक उसे कार में बैठकर मुल्लांंपुर के मंडियानी कलां इलाके में बनी एक एनआरआइ की कोठी में ले गए।
महिला ने देखा कि कोठी में शादी समारोह जैसी कोई हलचल नहीं है। महिला ने युवकों को कहा कि यहां कोई हलचल नहीं है। इस पर युवक जबरन उसे कोठी के अंदर ले गए। वहां पहले से ही तीन अन्य युवक मौजूूूद थे। महिला के मुताबिक इसके बाद पांचों युवकों ने मिलकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद देर रात युवक उसे एमबीडी मॉल के बाहर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
मॉल के बाहर पड़ी महिला ने दर्द से कराहते हुए अपने पति को फोन किया। सूचना मिलते ही पीड़िता का पति मौके पर पहुंचा। उसनेे तुरंत पीड़िता को सिविल अस्पताल लुधियाना में पहुंचाया। जहां महिला की हालत को गंभीर देखते हुए उसे तुरंत दाखिल कर थाना मुल्लांंपुर की पुलिस को सूचना दी गई। वहीं, शनिवार की सुबह थाना मुल्लांंपुर की पुलिस लुधियाना के सिविल अस्पताल में पहुंची। जहां पीड़ित महिला व उसके पति के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में एसीपी दाखा गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर मंडियानी कलां निवासी आरोपित जसकरण सिंह उर्फ मनी, वरिंदर विक्की, सुखविंदर सिंह व अमोहड़ के खुशप्रीत सिंह, तलजिंदर दीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया है।
सामूहिक दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार आरोपित। जागरण
मामले में पुलिस ने 5 में से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना मुल्लांंपुर के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने बताया कि उक्त आरोपितों को मुल्लांंपुर से कुछ ही दूरी पर चंदनपुर पुल के पास से नाकाबंदी के दौरान पकड़ लिया गया। वहीं पुलिस ने उक्त काले रंग की ऑल्टो कार भी बरामद कर ली है। इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपित जसकरण सिंह उर्फ़ मनी को अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है।