Under-19 Women Cricket: दादा की दिखाई राह से मान्या ने छू लिया आसमां, 263 रन की पारी खेल बनाया नया विश्व कीर्तिमान
Under-19 Women Cricket दादा राज कुमार ने 4 साल पहले मान्या को क्रिकेट खेलने के लिए प्रोत्साहित किया था। दादा की दिखाई राह पर चलकर मान्या ने महिला क्रिकेट में एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने का रिकार्ड अपने नाम कर लिया है।

कृष्ण गोपाल, लुधियाना। Under-19 Women Cricket: कड़ी मेहनत, अनुशासन और जज्बे से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। इस बात को शहर की दो होनहार बेटियों ने अपने मजबूत हौसले से सही साबित कर दिया है। पटियाला में खेली जा रही अंडर-19 अंतर जिला महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में लुधियाना की मान्या शर्मा ने नाबाद 263 रन की पारी खेलकर नया विश्व कीर्तिमान बनाया है।
दादा राज कुमार ने 4 साल पहले मान्या को क्रिकेट खेलने के लिए प्रोत्साहित किया था। दादा की दिखाई राह पर चलकर मान्या ने महिला क्रिकेट में एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने का रिकार्ड अपने नाम कर लिया है। वीरवार को फतेहगढ़ साहिब जिले की टीम के साथ मुकाबले में मान्या ने यह इतिहास रचा है। गौरतलब है कि इसी प्रतियोगिता में चार दिन पहले शहर की ही एक और युवा महिला क्रिकेटर आकांक्षा सैणी ने भी दोहरा शतक जड़ा था। उन्होंने 219 रन बनाए थे। मान्या अभी 16 वर्ष की हैं।
उनके माता-पिता कमल शर्मा और मंजू शर्मा का निर्यात का कारोबार है। घर से क्रिकेट खेलने के लिए उन्हें सभी का प्रोत्साहन मिलता रहा और वे आगे बढ़ती रहीं। मान्या ने फोन पर बात कर बताया कि उन्होंने चार साल पहले क्रिकेट खेलना शुरू किया था। चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर-39 में कोच मोहित कुमार की अकादमी से शुरुआत की थी। रोज अकादमी में सुबह व शाम करीब पांच से छह घंटे तक क्रिकेट खेलने की प्रैक्टिस करती थीं।

बेटी की जीत के बाद एक दूसरे का मुंह मीठा करवाते हुए पति -पत्नी
तीन वर्ष पहले लुधियाना जिला क्रिकेट एसोसिएशन ट्रायल में उनका चयन हुआ। उसके बाद उन्हें अब पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से करवाई जा रही अंडर-19 जिला महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिला। इस पारी से आत्मविश्वास बहुत बढ़ा है। अगले साल होने वाले अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए खूब मेहनत कर रही हैं।
बेटी ने किया गर्व से सिर ऊंचा: कमल शर्मा
बेटी की सफलता पर पिता कमल शर्मा कहते हैं कि उनका सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। इस उपलब्धि के पीछे कई लोगों का अहम योगदान रहा है। कोच मोहित, संजय कुमार की मेहनत से बेटी आज इस मुकाम तक पहुंची है। लुधियाना जिला क्रिकेट एसोसिएशन व कोच रमनदीप को भी शुभकामनाएं दीं।
नया विश्व कीर्तिमान की बात पर पहले तो विश्वास ही नहीं हुआ
मंजू शर्मा कहती हैं कि जब उन्हें पता चला कि मान्या ने 263 रन की पारी खेल नया विश्व कीर्तिमान बनाया है, पहले तो उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था। बेटी पर नाज है। इस रिकार्ड के बाद पड़ोस में भी मिठाई बांटी। लोग भी मान्या के प्रदर्शन को देख बहुत उत्सुक हैं।
आकांक्षा और मान्या का प्रदर्शन शुभ संकेत: सतीश मंगल
लुधियाना जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश मंगल का कहना है कि मान्या ने दोहरा शतक जड़कर महिला क्रिकेट में नया रिकार्ड बनाया है। यह महिला क्रिकेट के लिए शुभ संकेत है। महिला क्रिकेट को इससे प्रोत्साहन मिलेगा। दोनों होनहार खिलाड़ी आगे चलकर भारतीय महिला टीम का हिस्सा भी बन सकती हैं।
पारी में पूरा किया चौकों का अर्धशतक
मान्या ने 163 गेंदें खेलकर 263 रन बनाए हैं। उनके साथ बल्लेबाजी कर रहीं आशमीन ने भी दोहरा शतक जड़ा और 211 रन बनाए। सलामी जोड़ी के बीच 474 रन की रिकार्ड नाबाद साझेदारी हुई। इसकी बदौलत लुधियाना की टीम ने 50 ओवर में फतेहगढ़ साहिब की टीम के सामने 597 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।