Farmers Chakka Jam : लुधियाना में किसान 12 बजे से स्टेट व नेशनल हाईवे करेंगे जाम
Ludhiana Chakka jamः नए कृषि कानूनों का विरोध बढ़ता जा रहा है। लुधियाना में आज किसान संगठन जाम लगाएंगे। किसानों ने स्टेट और नेशनल हाईवे पर चक्का जाम करने की तैयारी कर ली है। जालंधर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

लुधियाना, जेएनएन। नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने शनिवार दोपहर 12 से तीन बजे तक सभी स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे पर चक्का जाम करने की तैयारी कर ली है। शहर सहित पूरे जिले में इस चक्का जाम का असर दिखेगा। जगराओं, खन्ना, रायकोट, समराला, माछीवाड़ा आदि क्षेत्रों में किसानों ने बैठकें कर चक्का जाम के लिए किसानों और आम लोगों से पहुंचने का आग्रह किया है।
लुधियाना के फिरोजपुर रोड पर वेरका मिल्क प्लांट के सामने वामपंथी दल चक्का जाम करेंगे। किसान यूनियन लाडोवाल टोल प्लाजा पर तीन घंटे तक चक्का जाम करेगी। ऐसे में दोपहर 12 से तीन बजे तक जालंधर की ओर जाने व आने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
जगराओं के लाल पैलेस के पास किसान बड़ी संख्या में इकट्ठे होकर चक्का जाम करेंगे। भारतीय किसान यूनियन एकता डकोंदा के ब्लाक सचिव राम शरण सिंह की अगुवाई में गांव रसूलपुर में किसान संगठनों की बैठक हुई। किसान नेता कमलजीत खन्ना और भगवान सिंह ने लोगों को चक्का जाम में शामिल होने की अपील की है। रायकोट में भारतीय किसान यूनियन (एकता) डकौंदा, भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल, भारतीय किसान यूनियन कादियां, भारतीय किसान यूनियन राजेवाल की ओर से संयुक्त रूप से रायकोट के बरनाला चौक में चक्का जाम करेगी। केंद्र सरकार के खिलाफ विशाल रैली भी निकाली जाएगी।
खन्ना में भी किसान संगठन नेशनल हाईवे पर जाम लगाएंगे। बैठक में तय किया गया कि गुरु अमरदास मार्केट के सामने तीन घंटे जाम लगाया जाएगा। इसके अलावा समराला टोल प्लाजा पर भी किसान संगठन प्रदर्शन कर सड़क जाम करेंगे।
स्थान हाईवे
- लाडोवाल टोल प्लाजा लुधियाना-जालंधर, अमृतसर
- समराला टोल प्लाजा लुधियाना -चंडीगढ़
- कोहड़ा लुधियाना चंडीगढ़
- खन्ना गुरु अमरदास मार्केट के सामने लुधियाना- दिल्ली
- फिरोजपुर रोड पर वेरका मिल्क प्लांट लुधियाना-मोगा, फिरोजपुर
- रायकोट में बरनाला चौक लुधियाना-मोगा
- जगराओं में लाल पैलेस के पास लुधियाना-मोगा
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।