पंजाब में कई जिलों में हल्की तो कई में झमाझम वर्षा, फाजिल्का में 4 डिग्री तक गिरा तापमान; गर्मी से मिली राहत
पंजाब (Punjab Weather) के कई जिलों में रविवार को मानसून की वर्षा हुई। चंडीगढ़ समेत कई स्थानों पर हल्की से तेज बारिश दर्ज की गई। वर्षा के कारण तापमान में गिरावट आई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। फाजिल्का में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जागरण संवादाता, लुधियाना। रविवार को भी पंजाब के कई जिलों में मानसून बरसा। कुछ जिलों में हल्की तो कुछ जिलों में तेज वर्षा हुई।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार चंडीगढ़ में 28.0 मिलीमीटर, अमृतसर में 2.0 मिलीमीटर, पटियाला में 3.5 मिलीमीटर,बठिंडा में 9.0 मिलीमीटर, एसबीएस नगर में 0.7 मिलीमीटर, फिरोजपुर में 1.5 मिलीमीटर, होशियारपुर में 0.5 मिलीमीटर, मोगा में 1.0 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
वहीं, वर्षा की वजह से कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस कम रही। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पठानकोट में 29 डिग्री व अमृतसर में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
फाजिल्का में चार डिग्री तक गिरा तापमान
फाजिल्का में पिछले दो दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से आखिरकार रविवार दोपहर बाद हुई एक घंटे की वर्षा ने राहत प्रदान की है, जिससे जहां चार डिग्री तक तापमान नीचे गिर गया, वहीं बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया।
शहर के कई मोहल्लों में बारिश का पानी जगह-जगह जमा हो गया, जबकि बाजारों की तस्वीर भी कुछ ऐसी ही नजर आई। फाजिल्का के वान बाजार, शास्त्री चौक, बस स्टैंड रोड, सिटी थाने के निकट बारिश का पानी जमा हो गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।