लाइव शो में देवी-देवताओं पर टिप्पणी कर फंसे हरियाणवी गायक काशीनाथ, पंजाब में तीन लोगों पर FIR दर्ज
हरियाणवी गायक काशीनाथ समेत तीन लोगों पर लाइव शो के दौरान हिंदू देवी-देवताओं पर विवादित टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिवसेना नेता की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है।

हरियाणवी गायक काशीनाथ। (फाइल फोटो)
HighLights
काशीनाथ पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप।
लाइव शो में देवी-देवताओं पर की थी टिप्पणी।
लुधियाना पुलिस ने तीन लोगों पर FIR दर्ज की।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। हरियाणवी सिंगर काशीनाथ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लुधियाना पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में काशीनाथ समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि सिंगर ने लाइव स्टेज शो के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए गए थे।
शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय चेयरमैन राजीव टंडन की शिकायत पर थाना पुलिस ने 25 नवंबर को बीएनएस की धारा 299 के तहत मुकदमा नंबर 315 दर्ज किया है। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
राजीव टंडन ने एक अक्टूबर को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में काशीनाथ माता पार्वती और भगवान गणेश के संबंध में विवादित टिप्पणी करता दिखाई दे रहा है। शिकायत में ‘दल पंथ बाबा बुड्ढा दल’ फेसबुक पेज पर प्रताप सिंह की ओर से अपलोड किए गए एक अन्य वीडियो का भी उल्लेख किया गया है।
आरोप है कि इसमें भगवान हनुमान और हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा ‘अकालगतीआ’ नाम के फेसबुक पेज पर भी विवादित वीडियो साझा किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
यह भी पढ़ें- जालंधर के निजी स्कूल की बड़ी लापरवाही, बाथरूम के बहाने निकला एलकेजी का छात्र, 6 घंटे बाद रोता हुआ मिला
24 सितंबर को राजपुरा में हुआ था कार्यक्रम
शिकायत के मुताबिक, विवाद की शुरुआत 24 सितंबर 2026 को पटियाला जिले के राजपुरा में हुई थी। यहां महिंदर गंज रोड पर आयोजित गणेश उत्सव कार्यक्रम में काशीनाथ और पंजाबी गायक मास्टर सलीम का लाइव शो था। आरोप है कि इसी कार्यक्रम के दौरान काशीनाथ ने भगवान गणेश को लेकर टिप्पणी की, जिस पर हिंदू संगठनों ने कड़ा ऐतराज जताया और इसे धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बताया।
ईगल मोटल के बाहर किया था प्रदर्शन
मामला बढ़ने के बाद 25 सितंबर को हिंदू संगठनों के नेताओं ने राजपुरा स्थित ईगल मोटल के बाहर प्रदर्शन किया था। इसमें महामंडलेश्वर माई भोली नंदगिरि, शिवसेना नेता चंद्रकांत चड्ढा सहित अन्य हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने काशीनाथ की टिप्पणी पर विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
यह भी पढ़ें- मोगा में AAP की खुशहाली पंजाब रैली से पहले बड़ा हादसा, कॉफ मशीन फटने से व्यक्ति की मौत
मुंह काला करने वाले को एक लाख रुपये देने का एलान
विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंदू संगठनों की ओर से काशीनाथ का मुंह काला करने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान भी किया गया था। इस मामले को लेकर उस समय काफी विवाद हुआ था। अब लुधियाना पुलिस ने शिकायत और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच हवलदार मनदीप सिंह कर रहे हैं।
काशीनाथ मूल रूप से हरियाणा के कैथल का रहने वाला है और वर्तमान में मोहाली में रहता है। वह पिछले साल 10 तोले सोने का कड़ा लौटाने के मामले को लेकर भी सुर्खियों में आया था।
यह भी पढ़ें- पैसों की खातिर पिता का कत्ल! मोगा में बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने बेटे पर जताया शक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।