विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर के निजी स्कूल की बड़ी लापरवाही, बाथरूम के बहाने निकला एलकेजी का छात्र, 6 घंटे बाद रोता हुआ मिला

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:56 AM (IST)

जालंधर के शिव नगर स्थित एक निजी स्कूल से सात वर्षीय एलकेजी छात्र बाथरूम जाने के बाद बाहर निकल गया। पुलिस ने घंटों की तलाश के बाद बच्चे को बाबू लाभ सिंह नगर में सुरक्षित ढूंढ निकाला, जिससे स्कूल की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं।

अभिभावकों और पुलिसकर्मियों के साथ छात्र (जागरण फोटो)

अभिभावकों और पुलिसकर्मियों के साथ छात्र (जागरण फोटो)

HighLights

  1. सात वर्षीय बच्चा स्कूल से बाहर निकल गया

  2. सीसीटीवी फुटेज में बच्चा स्कूल से जाता दिखा

  3. पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंपा

जागरण संवाददाता, जालंधर। शिव नगर के एक निजी स्कूल में सात वर्षीय बच्चे के स्कूल से बाहर निकल जाने का मामला सामने आया है। एलकेजी में पढ़ने वाला छात्र बाथरूम जाने के बाद वापस कक्षा में नहीं पहुंचा और स्कूल के गेट से बाहर निकल गया।

काफी देर तक बच्चे के बारे में जानकारी नहीं मिलने पर स्कूल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज चेक की, जिसमें वह सुबह करीब 10:16 बजे स्कूल से बाहर जाता दिखाई दिया। बाद में पुलिस ने तलाश शुरू की और शाम करीब चार बजे बच्चा बाबू लाभ सिंह नगर में रोता हुआ मिला। गनीमत रही कि बच्चा सुरक्षित था।

जानकारी के अनुसार, बच्चा शिव नगर की सात नंबर गली स्थित निजी स्कूल में पढ़ता है। उसके स्कूल से गायब होने की जानकारी मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने जब बच्चे के घरवालों से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि बच्चा अभी घर नहीं पहुंचा है।

स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल

इसके बाद परिवार ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर लापरवाही बताया। परिजनों का कहना था कि सात साल के बच्चे की निगरानी की जिम्मेदारी स्कूल की थी और वह स्कूल परिसर से बाहर कैसे चला गया।

स्कूल के मालिक और प्रिंसिपल हिमांशु कश्यप ने बताया कि स्कूल में दो तरफ गेट हैं। बच्चे के दो बड़े भाई अतुल और राजन भी इसी स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ते हैं। इन दिनों बड़े बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं और अलग-अलग समय पर अभिभावकों के आने-जाने के कारण गेट खुले रखने पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब दो बजे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो पता चला कि बच्चा सुबह 10:16 बजे सात नंबर गली वाले गेट से बाहर निकला था।

पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले

मामले की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अजमेर लाल ने पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजा। सब इंस्पेक्टर लखबीर सिंह और हेड कांस्टेबल कुलविंदर सिंह ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बच्चे की तलाश शुरू की। पुलिस को शाम करीब चार बजे बच्चा बाबू लाभ सिंह नगर में मिला। वह वहां रो रहा था। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।

सब-इंस्पेक्टर लखबीर सिंह के मुताबिक, बच्चा सुरक्षित मिल गया है। मामले में स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच के बाद उचित कार्रवाई की जा सकती है। घटना के बाद स्कूल में छोटे बच्चों की निगरानी और गेटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।