विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दस दिन में सोना-चांदी धड़ाम: 11 हजार सस्ता हुआ गोल्ड, 28 हजार गिरा सिल्वर; शादी के सीजन में खरीदारों को राहत

Published: Thu, 19 Nov 2026 12:45 PM (IST)

शादी और त्योहारी सीजन खत्म होते ही बीते दस दिनों में सोना 11 हजार और चांदी 28 हजार रुपये सस्ती ...और पढ़ें

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. त्योहारों के बाद सोने की कीमत में 11 हजार रुपये की गिरावट।

  2. चांदी के दाम 28 हजार रुपये प्रति किलो तक कम हुए।

  3. शादी के सीजन में ग्राहकों को खरीदारी का बेहतर अवसर।

मुनीश शर्मा, लुधियाना। फेस्टिवल सीजन समाप्त होते ही सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। बीते दस दिनों के दौरान सोने के भाव में करीब 11 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत में करीब 28 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बढ़ती कीमतों के बीच त्योहारी सीजन में खरीदारी करने वाले ग्राहकों के बाद अब बाजार में आई इस नरमी से ज्वेलरी खरीदने की योजना बना रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

खासकर शादी-विवाह के आगामी सीजन को देखते हुए सराफा बाजार में एक बार फिर ग्राहकों की सक्रियता बढ़ने के आसार हैं। लुधियाना ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रधान आनंद सिकरी के अनुसार दिवाली के दौरान 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1 लाख 45 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो अब घटकर करीब 1 लाख 34 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है।

इसी तरह दिवाली के दौरान चांदी का भाव करीब 1 लाख 98 हजार रुपये प्रति किलो था, जो अब गिरकर करीब 1 लाख 70 हजार रुपये प्रति किलो रह गया है। इस तरह दस दिनों के भीतर दोनों कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट देखने को मिली है।

यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Bhav: पंजाब की दिसावरी मंडियों में अनाज, बासमती और दालों के दाम आज रहे स्थिर, जानिए ताजा भाव

सोने-चांदी की कीमतों में नरमी के कारण

लुधियाना ज्यूलर्स एसोसिएशन के प्रधान आनंद सिकरी ने बताया कि फेस्टिवल सीजन के दौरान खरीदारी की मांग बढ़ने के कारण सोने की कीमतों में तेजी बनी हुई थी। दिवाली के आसपास भी बाजार में सोने-चांदी की खरीदारी को लेकर उत्साह था। हालांकि त्योहारी मांग समाप्त होने के बाद अब कीमतों में लगातार नरमी आ रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, डालर की मजबूती और निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली का असर भी कीमती धातुओं के भाव पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में सोने की कीमतों में काफी गिरावट आ चुकी है। इसका फायदा आगामी शादी-विवाह के सीजन में देखने को मिल सकता है। पिछले कुछ समय से ऊंचे भाव के कारण कई ग्राहक अपनी ज्वेलरी खरीदारी टाल रहे थे या बजट के अनुसार कम वजन के आभूषण खरीद रहे थे। अब कीमतों में आई गिरावट से ऐसे ग्राहकों को खरीदारी का बेहतर अवसर मिल सकता है।

शादी सीजन से बढ़ सकती है मांग

सराफा कारोबारियों के अनुसार आने वाले दिनों में शादी-विवाह के आयोजनों के चलते सोने और चांदी की मांग में तेजी आने की संभावना है। कीमतों में मौजूदा गिरावट यदि जारी रहती है तो बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ सकती है। हालांकि, कारोबारी फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। आने वाले दिनों में कीमतों का रुख ही तय करेगा कि ग्राहक खरीदारी के लिए कितना उत्साह दिखाते हैं।

यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Bhav: मंडियों में अनाज-दाल और बासमती के ताजा रेट्स जारी, जानें सर्राफा बाजार में सोना-चांदी के गिरे दाम

पिछले 10 वर्षों में सोने के अधिकतम दाम (22 कैरेट प्रति 10 ग्राम)

वर्ष अधिकतम दाम (रुपये में)
2016 ₹28,623
2017 ₹29,667
2018 ₹31,438
2019 ₹35,220
2020 ₹48,651
2021 ₹48,750
2022 ₹52,670
2023 ₹62,400
2024 ₹75,000
2025 ₹1,40,000
2026 ₹1,92,000

पिछले वर्षों में चांदी के अधिकतम दाम (प्रति किलो)

वर्ष अधिकतम दाम (रुपये में)
2016 ₹36,318
2017 ₹42,748
2018 ₹43,072
2019 ₹48,000
2020 ₹73,500
2021 ₹74,000
2022 ₹71,500
2023 ₹77,300
2024 ₹95,000
2025 ₹2,50,000
2026 ₹4,25,000

यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Bhav: आटा-दाल के ताजा रेट्स जारी, सर्राफा बाजार में गिरावट दर्ज, देखें सोना-चांदी के नए दाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।