Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब में फिर बढ़ी ठिठुरन, अमृतसर में 30 मिमी हुई बारिश; अब 26 फरवरी को करवट लेगा मौसम

    पंजाब (Punjab Weather Update) के कई जिलों में वीरवार को बारिश हुई। अमृतसर में सबसे ज्यादा 30 एमएम बारिश दर्ज की गई। लुधियाना में सुबह तक 7 एमएम बारिश हुई और शाम को फिर से तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से 25 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। 26 फरवरी से मौसम में फिर से बदलाव आएगा।

    By Radhika kapoor Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Fri, 21 Feb 2025 08:39 AM (IST)
    Hero Image
    पंजाब में 26 फरवरी को मौसम फिर से बदलेगा। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। Punjab Weather: राज्य के विभिन्न जिलों में वीरवार को दिनभर बादल छाए रहे। अधिकतर जिलों में वीरवार तड़के वर्षा शुरू हुई और इसके बाद दिनभर बीच में बूंदाबांदी होती रही। वर्षा के साथ-साथ तेज हवाएं भी चली। रात को जिलों में फिर से कहीं-कहीं तेज वर्षा हुई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अमृतसर में हुई सबसे अधिक वर्षा

    मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार जिला अमृतसर में शाम पांच बजे तक सबसे अधिक 30 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। लुधियाना में वीरवार सुबह तक सात एमएम वर्षा हुई, जबकि शाम 6.30 बजे के बाद दोबारा से तेज वर्षा शुरू हो गई।

    यह भी पढ़ें- सावधान! हिमाचल में आज फिर होगी मूसलाधार बारिश, बर्फबारी की वजह से कई सड़के यातायात के लिए बंद

    होशियारपुर में 6.5 एमएम, रूपनगर और पठानकोट में एक एमएम, फिरोजपुर में 0.5 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। इससे पहले जिला बठिंडा में दिन का तापमान सबसे अधिक 25.1 डिग्री सेल्सियस, जिला रोपड़ का अधिकतम तापमान 23.9, मोहाली का 23.5, फाजिल्का का 23.2, पटियाला का 22.5, लुधियाना का 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

    आज से 26 फरवरी तक साफ रहेगा मौसम

    मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार आज यानी शुक्रवार से 25 फरवरी तक मौसम ड्राई रहेगा। 26 फरवरी से मौसम में फिर से बदलाव आएगा। इस दिन कुछ-कुछ हिस्सों में वर्षा होने की संभावना है।

    ठंड बढ़ने से लोगों ने निकाले गर्म कपड़े

    वीरवार सुबह तेज आंधी और वर्षा के साथ मौसम के करवट बदलने के बाद से लोगों ने ठंड से बचने के लिए एक बार फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। वीरवार को सुबह 4 बजे से दो घंटे तक रुक-रुक कर हुई बरसात से ठंडक बढ़ गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पहले ही वर्षा और आंधी की संभावना जताई थी, जो सही साबित हुई।

    दिनभर बादल और सूरज की आंख-मिचौली चलती रही। कभी तेज धूप से गर्मी महसूस हुई, तो कभी ठंडी हवाओं ने ठंड का अहसास करा दिया। फरवरी में लगातार बढ़ रहे तापमान पर इस वर्षा ने ब्रेक लगा दिया और एक बार फिर ठंडक लौट आई। वर्षा के साथ चलीं ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया।

    वायरल इंफेक्शन का बढ़ा खतरा

    मौसम में अचानक आए बदलाव से वायरल इंफेक्शन का खतरा बढ़ गया है। डाक्टरों के मुताबिक, ठंड और नमी के कारण वायरस अधिक सक्रिय हो जाते हैं, जिससे खांसी, जुकाम और बुखार के मामले बढ़ने लगे हैं। मौसम में उतार-चढ़ाव से लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। हल्की वर्षा ने शहर की सड़कों की बदहाली भी उजागर कर दी।

    रेलवे रोड की सड़क पर डाली गई मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई, जिससे दो पहिया वाहन फिसलते रहे और पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद जब धूप निकली, तो सड़कें सूखने पर लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक हल्की ठंड बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम के हिसाब से सतर्क रहने की जरूरत है।

    यह भी पढ़ें- Jammu Kashmir Weather: आज फिर गिरेगा पारा, बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी; यातायात से बचने की सलाह