'पीएम मोदी की रैली के बाद तय होंगी भाजपा-शिअद की सीटें', लुधियाना में केवल ढिल्लों ने बताई गठजोड़ की रणनीति
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में शांति और विकास के लिए अकाली दल से गठबंधन हुआ है। सीटों का बंटवारा मोगा में पीएम मोदी की रैली के बाद तय होगा।

लुधियाना पहुंचे केवल ढिल्लों वर्करों से मिलते हुए।
HighLights
भाजपा-अकाली दल गठबंधन पंजाब के विकास और नशे के खात्मे के लिए।
8 दिसंबर को मोगा में होगी पीएम मोदी की विशाल रैली।
रैली के बाद तय होंगी विधानसभा चुनाव के लिए सीटें।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन कोई नया नहीं बल्कि पुराना गठबंधन है। दोनों दलों ने पंजाब की तरक्की, विकास, नशे के खात्मे और अमन-शांति को ध्यान में रखते हुए दोबारा हाथ मिलाया है। यह गठबंधन सत्ता हासिल करने के लिए नही बल्कि पंजाब को मौजूदा संकट से बाहर निकालने के उद्देश्य से किया गया है।
ढिल्लों रविवार को लुधियाना के हैब्बोवाल मलली रिसोर्ट में पीएम मोदी के मन की बात कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ देखा व सुना। उन्होंने कहा कि भाजपा आज भी नशे के खिलाफ है और आगे भी इसके विरुद्ध लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा नशे के खिलाफ रही है। पंजाब में अमन-शांति कायम करने और नशे के खात्मे के लिए दोनों दलों का साथ आना जरूरी था।
यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले AAP को झटका, पूर्व सीएम चन्नी को हराने वाले विधायक डॉ. चरणजीत अकाली दल में शामिल
जीतने वाले उम्मीदवार को मिलेगी सीट
ढिल्लों ने बताया कि 8 दिसंबर को मोगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रैली होगी।जिसमें दोनों दलों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसी दिन पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का जन्मदिन भी है। रैली के बाद दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की बैठक होगी।जिसमें विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या अभी तय नहीं है। दोनों दलों के बीच आपसी सहमति से उसी पार्टी को सीट दी जाएगी, जहां उसका उम्मीदवार जीतने की स्थिति में होगा।
यह भी पढ़ें- 2027 पंजाब चुनाव से पहले NSUI में बड़ा बदलाव, नए एडहॉक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त, जानें कौन हैं राजविंदर सिद्धू
पार्टी जहां से उतारेगी, वहीं लड़ेंगे चुनाव
लुधियाना उतरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर ढिल्लों ने कहा कि वह कहां से चुनाव लड़ेंगे, इसका फैसला भाजपा हाईकमान करेगी। पार्टी जिस सीट से जिम्मेदारी देगी, वहां से चुनाव लड़ेंगे।
आम आदमी पार्टी की हालिया रैली पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि रैली में लोगों की कमी रही और वह असफल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार अपने वादे पूरे करने में नाकाम रही है। पंजाब आज आर्थिक संकट, नशे और गैंगस्टरवाद जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।