'पंजाब में 500 गैंगस्टर और 1000 गुर्गे सक्रिय', प्रताप सिंह बाजवा का बड़ा दावा; AAP-BJP को घेरा
कांग्रेस ने पंजाब में बढ़ते अपराध, नशा और गैंगस्टर नेटवर्क को लेकर राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने AAP-BJP पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री मान और केंद्रीय गृह मंत्री शाह से जवाब मांगा।

पंजाब में अपराध, नशा और गैंगस्टरवाद पर कांग्रेस का हमला; बाजवा ने AAP-BJP को घेरा।
HighLights
पंजाब में 10 बड़े गैंगस्टर ऑपरेटर, 500 गैंगस्टर सक्रिय होने का दावा
बाजवा ने AAP-BJP पर अपराध, नशे में मिलीभगत का आरोप लगाया
कांग्रेस ने सीमा पार से हथियार और नशा तस्करी पर चिंता जताई
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में करीब 10 बड़े गैंगस्टर ऑपरेटर, 500 गैंगस्टर और उनके 750 से 1000 तक गुर्गों का नेटवर्क सक्रिय होने का दावा करते हुए कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने आरोप लगाया कि पंजाब में अपराध, नशा और गैंगस्टर बढ़ रहा है।
बाजवा अनुसार आम आदमी पार्टी व भाजपा की मिलीभगत ने राज्य को इस स्थिति में पहुंचाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगते हुए कहा कि साढ़े चार साल में पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह विफल रही है। शुक्रवार पंजाब कांग्रेस भवन में बातचीत के दौरान बाजवा ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और नशा पहुंचने की घटनाओं पर चिंता जताई।
उन्होंने गुरदासपुर के हरदो छन्नी गांव में खेतों से चार हैंड ग्रेनेड, दो पिस्तौल और 60 कारतूस बरामद होने का हवाला देते हुए कहा कि पठानकोट से फाजिल्का तक करीब 550 किलोमीटर लंबी सीमा पर सुरक्षा के बावजूद हथियारों की तस्करी जारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री का एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने का वादा अब तक पूरा क्यों नहीं हुआ और केंद्रीय गृह मंत्री पंजाब में हथियारों व नशे की खेप रोकने में पूरी तरह विफल हैं।
बाजवा ने कहा कि फिरौती, धमकियों और गैंगस्टर गतिविधियों के कारण कारोबारी और आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आप और भाजपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए नशे और अपराध के नेटवर्क को राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप लगाए तथा सत्ता में आने पर कांग्रेस की ओर से गैंगस्टरवाद व नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का दावा किया।
बाजवा ने लैंड पूलिंग नीति रद्द होने का श्रेय कांग्रेस के विरोध को देते हुए कहा कि इससे जनता की करीब सवा लाख करोड़ रुपये की संपत्ति बची। वहीं, माइनिंग से सालाना 20 हजार करोड़ रुपये सरकारी खजाने में लाने के केजरीवाल के दावे पर सवाल उठाते हुए बाजवा ने कहा कि करीब एक लाख करोड़ रुपये के खनन कारोबार के बावजूद सरकार को महज 1500 करोड़ रुपये मिलने का दावा है। बाकी पैसा कहां गया, इसकी जांच होनी चाहिए।
इस दौरान चुनावी मेनिफेस्टो कमेटी चेयरमैन सांसद डॉ. अमर सिंह ने बताया कि कांग्रेस को पंजाब के विभिन्न वर्गों से 500 से अधिक ज्ञापन मिल चुके हैं। पार्टी का मैनीफेस्टो किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों समेत सभी वर्गों की जरूरतों और आकांक्षाओं पर आधारित होगा तथा पंजाब के आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक सुधारों का रोडमैप बनेगा। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस सह-प्रभारी रविंदर दलवी भी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।