2027 पंजाब चुनाव से पहले NSUI में बड़ा बदलाव, नए एडहॉक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त, जानें कौन हैं राजविंदर सिद्धू
कांग्रेस ने पंजाब में राजविंदर सिंह सिद्धू को एनएसयूआई का एडहॉक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी ने 10 राज्यों और संगठनात्मक इकाइयों में भी नए अध्यक्ष बनाए हैं।

NSUI के नए पंजाब प्रदेश प्रधान राजविंदर सिंह सिद्धू।
HighLights
राजविंदर सिद्धू बने पंजाब एनएसयूआई के एडहॉक अध्यक्ष।
कांग्रेस ने 2027 पंजाब चुनाव से पहले किया बदलाव।
मल्लिकार्जुन खरगे ने सिद्धू की नियुक्ति को दी मंजूरी।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने अपने छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) को मजबूत करने की दिशा में संगठनात्मक बदलाव किया है। पार्टी ने राजविंदर सिंह सिद्धू को एनएसयूआई की पंजाब इकाई का एडहॉक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 28 नवंबर को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया। नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। राजविंदर सिंह सिद्धू इससे पहले पंजाब एनएसयूआई के उपाध्यक्ष और मोहाली एनएसयूआई के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठन में उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपी है।
उनकी नियुक्ति के साथ ही अब पंजाब में छात्र संगठन को सक्रिय करने और कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में संगठन की पकड़ मजबूत करने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब में परिसीमन के बाद बदल जाएगा सियासी नक्शा, 13 से बढ़कर 20 लोकसभा और 117 से 176 हो सकती हैं विधानसभा सीटें
कांग्रेस की तरफ से जारी किए गए आदेश-

10 राज्यों में हुए बदलाव
कांग्रेस ने केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि देश के 10 राज्यों और संगठनात्मक इकाइयों में एनएसयूआई के एडहॉक अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। जारी सूची के अनुसार आंध्र प्रदेश में साके साई कुमार, अरुणाचल प्रदेश में तनीबार जेरांग, गोवा में कुमार अर्जुन गाउली, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में विकास बिश्नोई और नागालैंड में रोनाथुंग ई. ओवुंग को जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह राजस्थान में उत्तम चौधरी, तमिलनाडु में एन. विजय, उत्तर प्रदेश मध्य इकाई में सौरभ सौजन्य यादव और उत्तर प्रदेश पश्चिम इकाई में शशांक शर्मा को एडहॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़ें- ईसाई समुदाय पर मंडरा सकता है बड़ा संकट, पाकिस्तान में ईशनिंदा की सजा सख्त करने से झूठे आरोप बढ़ने का खतरा
छात्र संगठन के जरिए युवाओं को साधने की रणनीति
एनएसयूआई कांग्रेस का छात्र संगठन है। विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्र हितों से जुड़े मुद्दे उठाने के साथ संगठन की राजनीतिक गतिविधियों में भी इसकी अहम भूमिका रहती है। पंजाब में नई नियुक्ति को युवाओं के बीच कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।