विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'नोटिस तामील से पहले जमानत रद करना गलत', पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने विशेष अदालत का आदेश पलटा

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:27 AM (IST)

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मोगा की विशेष अदालत के एनडीपीएस मामले में जमानत रद्द करने का आदेश निरस्त कर दिया।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट (फाइल फोटो)

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट (फाइल फोटो)

HighLights

  1. हाईकोर्ट ने मोगा विशेष अदालत का जमानत रद्द करने का आदेश पलटा।

  2. नोटिस तामील से पहले जमानत रद्द करना अनुचित बताया गया।

  3. आरोपित को 15 दिन में पेश होने पर मिलेगी सशर्त जमानत।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। आरोपित की एक दिन की गैरहाजिरी के आधार पर जमानत रद करना उचित नहीं है, खासकर तब जब अदालत में पेश होने का नोटिस तामील ही न हुआ हो।

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मोगा की विशेष अदालत का जमानत रद करने और गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश निरस्त करते हुए कहा कि इसके लिए ठोस आधार और जानबूझकर अनुपस्थित रहने का प्रमाण जरूरी है।

जस्टिस यशवीर सिंह राठौर ने करमजीत सिंह उर्फ साहिल की याचिका स्वीकार की। अदालत ने कहा कि जब निचली अदालत ने आरोपित की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किया था, तो उसकी तामील होने से पहले जमानत रद नहीं की जानी चाहिए थी।

एनडीपीए अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज

मामला मोगा के थाना सिटी में दर्ज एफआइआर नंबर 238 से जुड़ा है। यह एफआइआर तीन नवंबर 2022 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत दर्ज हुई थी और बाद में इसमें धारा 29 भी जोड़ी गई। करमजीत सिंह इस मामले में जमानत पर था।

रिकॉर्ड के मुताबिक, एक अक्टूबर 2026 को सुनवाई सह-आरोपित बलजिंदर सिंह की पेशी के लिए तय थी। उस दिन बलजिंदर सिंह को भगोड़ा घोषित किया गया और करमजीत सिंह भी अदालत में उपस्थित नहीं हुआ।

निचली अदालत ने उसकी उपस्थिति के लिए नोटिस जारी कर अगली तारीख 11 नवंबर 2026 तय की। लेकिन उस तारीख को नोटिस वापस प्राप्त नहीं हुआ था। इसके बावजूद विशेष अदालत ने उसकी जमानत रद कर जमानत और जमानती बांड जब्त करने तथा गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया।

हाई कोर्ट ने एक फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि गैर-जमानती वारंट या गिरफ्तारी वारंट यांत्रिक तरीके से जारी नहीं किए जा सकते। इसके लिए ठोस कारण और आवश्यक परिस्थितियां होनी चाहिए।

जमानत का उद्देश्य सुनवाई के दौरान आरोपित की उपस्थिति सुनिश्चित करना है, उसे दंडित करना नहीं। जानबूझकर न्यायिक प्रक्रिया से बचने या दुराचार का प्रमाण न हो तो जमानत रद करना स्वतंत्रता और कानूनी अधिकारों पर अनुचित रोक है।

15 दिन के भीतर अदालत में पेश करना होगा

हाईकोर्ट ने 11 नवंबर का आदेश निरस्त कर निर्देश दिया कि करमजीत सिंह 15 दिन के भीतर निचली अदालत में पेश हो। ऐसा करने पर ट्रायल कोर्ट की संतुष्टि के अनुसार उसे जमानत पर रिहा किया जाएगा।

जमानत का लाभ लेने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मोगा में पांच हजार रुपये जमा कराने होंगे। तय अवधि में पेश न होने पर हाईकोर्ट के आदेश से मिला जमानत लाभ स्वत समाप्त हो जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।