Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    फिल्म सुफना के गीत में 'रसूल' शब्द पर विवाद के बाद अभिनेता एमी विर्क ने लुधियाना में मांगी माफी

    By Kamlesh BhattEdited By:
    Updated: Mon, 06 Sep 2021 03:58 PM (IST)

    फिल्म सुफना के एक गीत में रसूल शब्द के प्रयोग के बाद विवाद हो गया था। मुस्लिम समाज ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया था। मामले में फिल्म अभिनेता एमी विर्क व लेखक जानी ने माफी मांग ली है।

    Hero Image
    नायब शाही इमाम मौलाना उसमान लुधियानवीं से मुलाकात करते ऐमी विर्क व लेखक जानी।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। फिल्म सुफना के गीत 'कबूल है' में रसूल शब्द का इस्तेमाल करने के बाद फिल्म के  हीरो एमी विर्क व लेखक जानी विवादों में घिर गए थे। एक लड़की जसनूर ने रसूल शब्द पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि इससे मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, इसलिए एमी विर्क व जानी माफी मांगें। जसनूर ने इसकी शिकायत जामा मस्जिद लुधियाना के नायब शाही इमाम मौलाना उस्मान लुधियानवी से की थी। अब एमी विर्क व जानी ने नायब शाही इमाम से मुलाकात कर इस गलती के लिए माफी मांगकर विवाद को खत्म कर दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बता दें, मामले को लेकर मालेरकोटला, पटियाला व जालंधर में भी मुस्लिम समाज द्वारा रोष प्रदर्शन किया गया था। मामले में आज एमी विर्क, लेखक जानी व पिंकी धालीवाल नायब शाही इमाम से मिले। स्पष्ट किया कि सुफना फिल्म के गाने कबूल है में रसूल शब्द का इस्तेमाल अनजाने में हो गया। उन्होंने कहा कि उनकी व फिल्म टीम की किसी की धार्मिक भावनाएं आहत करने की कोई मंशा नहीं थी।

    जानी ने कहा कि वह अल्लाह ताआला व रसूल-ए-खुदा हजरत मुहम्मद साहिब सल्ललाहु अलैही वसल्लम का दिल से सम्मान करते हैं और सभी धर्म उनके लिए सम्मानीय हैं। इस मौके पर नायब शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उसमान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि फिल्म की टीम का अपनी गलती मान लेना सही कदम है। माफ करने वाली जात रब की है। अल्लाह ताआला और प्यारे रसूल हजरत मुहम्मद साहिब माफी को पसंद करते हैं।

    उन्होंने कहा कि इसके साथ-साथ शरीयत और सामाजिक तौर पर इन दोनों ने अपनी गलती मानते हुए भविष्य में इन बातों का खास ध्यान रखने का वादा किया है, इसलिए अब इस मामले को खत्म समझा जाए। नायब शाही इमाम ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। अनेकता में एकता हमारी शान है। हम सबको चाहिए कि एक-दूसरे के धर्म व आत्मसम्मान का ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि पंजाब को सदियों से यह मान प्राप्त है। पंजाब की धरती पर दुनियाभर में रोशनी करने वाले महान गुरु साहिबान, पीर पैंगबर व ऋषि मुनि हुए हैं। हमें हमेशा ही इस बात को याद रखना चाहिए। इस मौके पर पिंकी धालीवाल, शाहनवाज खान अहिरार, अजाद अली अहिरार मौजूद थे।