विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'गलत तरीके से छुआ, गंदे मैसेज भेजे...'; युवती ने पास्टर बजिंदर सिंह पर लगाया यौन शोषण का आरोप, FIR दर्ज

Published: Fri, 07 Mar 2025 10:22 PM (IST)

पंजाब के जालंधर में एक चर्च के पादरी बजिंदर सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगा है। पीड़िता ने कपूरथला ...और पढ़ें

बजिंदर सिंह पर 22 वर्षीय युवती ने लगाए गंभीर आरोप। फाइल फोटो
बजिंदर सिंह पर 22 वर्षीय युवती ने लगाए गंभीर आरोप। फाइल फोटो

HighLights

  1. यौन शोषण में फंसे पास्टर बजिंदर के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त।
  2. राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वत: संज्ञान, पुलिस से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट।

एजेंसी, जालंधर। पास्टर बजिंदर सिंह के खिलाफ यौन शोषण का मामला राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंच गया है। आयोग ने इस मामले का गंभीर संज्ञान लेते हुए पंजाब पुलिस से इस केस में की जा रही कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट तीन दिन में तलब कर ली है।

जालंधर के ताजपुर में 'चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम' चलाने वाले 42 वर्षीय बजिंदर सिंह पर 22 वर्षीय एक महिला ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इस संबंध में कपूरथला में 28 फरवरी को केस दर्ज किया गया था। समाचर पत्रों में प्रकाशित खबर का राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है।

शुक्रवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन विजय रहितकर ने कहा कि पंजाब के पास्टर बजिंदर सिंह से जुड़ा मामला बहुत गंभीर और चिंताजनक है।

हमने पंजाब पुलिस को मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट और एफआईआर की प्रति तीन दिनों में सौंपने के लिए कहा है। इसके साथ ही यह भी पूछा गया है कि पंजाब पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करेगी।

तीन सदस्यीय जांच टीम गठित

दूसरी तरफ कपूरथला के एसएसपी गौरव ने बताया कि पास्टर के खिलाफ मामले की जांच जारी है। पुलिस ने पास्टर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराएं 354A (यौन शोषण), 354डी (पीछा करना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस ने जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम बनाई है, जिसका नेतृत्व फगवाड़ा एसपी रुपिंदर कौर कर रही हैं। उधर, पास्टर बजिंदर ने कुछ दिन पहले कहा था कि उनके खिलाफ लगे यौन शोषण के आरोप बेबुनियाद हैं। आजकल नकली चैट्स आसानी से बनाई जा सकती है। वह मेरे खिलाफ कोई ठोस सबूत दें। वह हमारी बेटी जैसी है।

क्या है मामला?

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह और उसके माता-पिता अक्टूबर 2017 से बजिंदर के चर्च में जाने लगे। पास्टर ने उसका मोबाइल नंबर लेकर उसे मैसेज भेजने शुरू कर दिए। उसने बताया कि वह डरती थी, इसलिए अपने माता-पिता को नहीं बताया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 2022 से पास्टर ने उसे हर रविवार चर्च के कैबिन में अकेले बैठाना शुरू कर दिया। जब वह अकेली होती, तो पास्टर उसे गले लगाता और अनुचित तरीके से छूता। उसने आरोप लगाया कि पास्टर ने उसे धमकी दी थी कि यदि उसने शिकायत दर्ज कराई, तो वह और उसका परिवार मारे जाएंगे।

पहले भी विवादों में रह चुका है पास्टर

पास्टर पहले भी विवादों में रहा है। 2018 में जीरकपुर की एक महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के मामले में भी उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। वह दिल्ली हवाई अड्डे से लंदन जा रहे थे, जब उन्हें गिरफ्तार किया गया था।

कुछ दिन पहले, मोहाली की एक अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी किए थे। 2022 में, पास्टर पर दिल्ली के एक परिवार से उनकी बेटी के इलाज के नाम पर पैसे लेने के आरोप लगे, लेकिन वह बच निकले। 2023 में, आयकर विभाग ने पास्टर के ठिकानों पर छापेमारी की थी।

कौन है पास्टर बजिंदर?

बजिंदर सिंह का जन्म हरियाणा के एक जाट परिवार में हुआ था, लेकिन करीब 10 साल पहले उसने ईसाई धर्म अपना लिया। वह जालंधर के ताजपुर में 'चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम' चलाता है। मोहाली के माजरी में भी उसका एक चर्च है। दावा है कि उसकी चर्च की भारत और विदेश में कई शाखाएं हैं।

यह भी पढें- 'सिख सांसद चुप क्यों?' BJP नेता ने कांग्रेस पर खड़े किए कई सवाल; महाराष्ट्र से पंजाब पहुंचा औरंगजेब का मुद्दा