पंजाब के 7 युवकों की हिमाचल की गोबिंद सागर झील में डूबने से मौत, एक को बचाने बाकी 6 पानी में कूदे
ऊना (हिमाचल प्रदेश) कें बंगाणा में गोबिंद सागर झील में डूबकर पंजाब के 7 लोगों की मौत की खबर है। सभी के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। मरने वाले मोहाली और पटियाला जिले के बताए जा रहे हैं। ये लोग बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध हमीरपुर जा रहे थे।

जेएनएन, नंगल (रूपनगर)। ऊना (हिमाचल प्रदेश) कें बंगाणा में गोबिंद सागर झील में 7 लोगों के डूबने की खौफनाक खबर आई है। इनमें दो सगे भाई शामिल हैं। गोताखोरों ने सभी के शव बाहर निकाल लिए हैं। जान गंवाने वाले पंजाब के बनूड़ जिला मोहाली के रहने वाले हैं।
बनूड़ की मीरा शाह कालोनी से ये सभी बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध, हमीरपुर जा रहे थे। भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड के गोताखोरों ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर शवों की तलाशी का काम शुरू किया था। एक को छोड़कर बाकी सभी 16 से 18 वर्ष के थे। एक युवक 30 साल का था। घटना के बाद झील किनारे और युवकों के गांव में मातम छाया हुआ है।
डूबने वालों में रमन और लव पुत्र लाल चंद (दोनों सगे भाई), लखवीर पुत्र रमेश कुमार, विशाल पुत्र राजू व शिवा पुत्र अवतार सिंह, पवन पुत्र सुरजीत राम, अरुण पुत्र रमेश कुमार, निवासी बनूड़, जिला मोहाली, पंजाब शामिल हैं।
बनूड़ से बाइक पर हिमाचल के लिए निकले थे 11 दोस्त
मोहाली के बनूड़ से 11 युवक बाइक पर हिमाचल के बाबा बालक नाथ मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे। पहले ये सभी नैना देवी मंदिर के दर्शन करने गए। इसके बाद बंगाणा में बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास रुके। फिर एक साथी ने गोबिंद सागर झील में नहाने का मन बनाया। वह झील में उतरा और पानी ज्यादा होने के कारण डूबने लगा। उसकी जान बचाने के लिए एक-एक करके बाकी छह भी पानी में कूद गए।
मदद गुहार लगाते रह गए किनारे खड़े चार दोस्त
हालांकि गहराई अधिक होने के कारण सभी डूब गए। कोई वापस नहीं आ सका। झील किनारे यह नजारा देख उनके बाकी बचे चार साथियों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने शोर मचाया और रोते-बिलखते मदद की गुहार लगाई। तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।