जालंधर में तेज रफ्तार टिप्पर ने किया 2.50 लाख का फर्नीचर बरबाद, दो पिकअप को मारी टक्कर
जालंधर के रामा मंडी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार टिप्पर ने फर्नीचर लदी दो पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में एक चालक घायल हुआ, 2.5 लाख का फर्नीचर बर्बाद हुआ और जाम लगा।

एक्सीडेंट स्पॉट पर फर्नीचर को साइड कर रास्ता बनाते हुए पुलिस और SSF टीम।
HighLights
जालंधर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार टिप्पर ने दो पिकअप को टक्कर मारी।
हादसे में करीब 2.5 लाख रुपये का फर्नीचर क्षतिग्रस्त, एक चालक घायल।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम, पुलिस ने यातायात सामान्य किया।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर के रामा मंडी फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार टिप्पर ने फर्नीचर से लदी दो पिकअप गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक पिकअप चालक घायल हो गया, जबकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में लदे नए सोफा सेट सड़क पर गिरकर बर्बाद हो गए। फर्नीचर की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच हुआ। दोनों पिकअप गाड़ियों में फर्नीचर लोड था और वे फ्लाईओवर पर खड़ी थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे टाटा टिप्पर (PB07B टी 7489) ने पहले एक पिकअप को टक्कर मारी।
यह भी पढ़ें- होशियारपुर के भरे बाजार में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, फायरिंग में एक राहगीर घायल; घटना का Video वायरल
एक के बाद दूसरे पिकअप को मारी टक्कर
इसके बाद चालक टिप्पर पर नियंत्रण नहीं रख सका और आगे खड़ी दूसरी पिकअप को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के कारण दोनों पिकअप गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा। उनमें लदे सोफा सेट सड़क पर गिर गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पीड़ितों के मुताबिक, खराब हुए फर्नीचर की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है। हादसे में एक पिकअप चालक को चोटें आईं। पीड़ितों ने आशंका जताई कि टिप्पर चालक को नींद आने या नशे की हालत में होने के कारण यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें- पंजाब के पठानकोट में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, चेतावनी अनसुनी करने पर BSF ने पाकिस्तानी घुसपैठिए को किया ढेर
जेसीबी और क्रेन से हटाए वाहन, हाईवे पर लगा जाम
हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों और सड़क पर बिखरे फर्नीचर के कारण यातायात बाधित हो गया था। पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य करवाया गया। सुबह के व्यस्त समय में हुए इस हादसे के कारण हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।