पंजाब में मिनिस्ट्रियल स्टाफ की हड़ताल 31 अक्टूबर तक स्थगित, आज से खुलेंगे सरकारी दफ्तर
पंजाब भर में आज से सभी सरकारी दफ्तर खुलेंगे। दरअसल मिनिस्ट्रियल मुलाजिमों की हड़ताल 31 अक्टूबर तक स्थगित कर दी गई है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से हड़ताल के चलते आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।

जागरण संवाददाता, जालंधर। पुरानी पेंशन बहाली व अन्य मांगों को लेकर चल रही पंजाबके मिनिस्ट्रियल मुलाजिमों की हड़ताल 31 अक्टूबर तक स्थगित कर दी गई है। अब 26 अक्टूबर से सभी सरकारी दफ्तर खुलेंगे। हालांकि ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रधान सुखजीत सिंह व जिला प्रधान अमनदीप सिंह का कहना है कि सीपीएफ यूनियन द्वारा 29 अक्टूबर को की जाने वाली 'शिमला पोल खोल' रैली का फैसला नहीं बदला है।
यूनियन की 31 अक्टूबर को राज्य स्तरीय मीटिंग
उन्होंने कहा कि यह रैली अपने निर्धारित समय पर ही होगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्या को देखते हुए यह हड़ताल स्थगित कर दी गई है। इसके साथ ही यूनियन की 31 अक्टूबर को राज्य स्तरीय मीटिंग रखी गई है। इस बैठक में पंजाब सरकार का रुख देखकर अगली रणनीति तय की जाएगी। बता दें कि, जिले के सरकारी दफ्तरों में अक्टूबर माह में केवल चार दिन ही लोगों को सेवाएं मिल सकी थी।
लगातार बढ़ती रही कलम छोड़ हड़ताल की अवधि
पंजाब के समूह मिनिस्ट्रियल मुलाजिम 10 अक्टूबर को अपनी मांगों के हक में कलम छोड़ हड़ताल पर चले गए थे। ज्वाइंट एक्शन कमेटी द्वारा पहले 10 से 15 अक्टूबर कलम छोड़ हड़ताल रखने का फैसला किया गया था। इसके बाद पंजाब सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी और कलम छोड़ हड़ताल की अवधि लगातार बढ़ती रही।
तहसीलों व डीसी दफ्तर में निजी सेवाएं देने वाले रहे फ्री
मिनिस्ट्रियल मुलाजिमों की हड़ताल लंबी चलने से तहसीलों व डीसी दफ्तरों में अलग-अलग तरह के फार्म बेचने व अन्य सेवाएं देने वाले दुकानदार, वसीका नवीस व नंबरदार भी कामकाज न होने से फ्री बैठे रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।