पहले थप्पड़ मारा फिर गला पकड़ा, दुष्कर्म के आरोप के बाद पादरी बजिंदर सिंह ने महिला से की शर्मनाक हरकत; वीडियो वायरल
जालंधर के चर्च ग्लोरी एंड विजडम के पादरी बजिंदर सिंह ने एक बार फिर शर्मनाक हरकत की है। उन्होंने महिला के साथ मारपीट की है। पहले थप्पड़ मारा फिर गला पकड़कर पिटाई की है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। कुछ दिन पहले ही पादरी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया था। अब फिर विवादों में आ गए हैं।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जिला स्थित चर्च 'ग्लोरी एंड विजडम' के पादरी बजिंदर सिंह एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। खुद को पैगंबर बजिंदर कहने वाले पादरी ने एक महिला और पुरुष से मारपीट की है। पादरी बजिंदर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज होने के कुछ दिनों बाद अब महिला के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है।
बता दें कि बजिंदर सिंह पर यौन उत्पीड़न का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब उन पर महिला से मारपीट का आरोप लगा है। ताजा सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पादरी बजिंदर सिंह कुछ युवकों और एक महिला से गुस्से में हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो चंडीगढ़ का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
युवक पर कुछ फेंककर किया हमला
वीडियो में देखा जा सकता है कि 14 फरवरी दोपहर 02:20 बजे के करीब पादरी पहले एक युवक पर कुछ फेंकते हैं, फिर पास बैठी महिला को थप्पड़ मारते हैं और उसकी गर्दन पकड़ लेते हैं। इस दौरान कार्यालय में एक बच्चा और तीन महिलाएं भी मौजूद थीं।
मौके पर मौजूद लोग पादरी को रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह नहीं रुकते। घटना करीब आधे घंटे तक चली। चर्च प्रशासन और पादरी की तरफ से अब तक कोई सफाई नहीं आई है। वीडियो के वायरल होने के बाद पादरी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।
22 वर्षीय महिला ने लगाए थे दुष्कर्म के आरोप
बता दें कि इससे पहले जालंधर के ताजपुर में 'चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम' चलाने वाले 42 वर्षीय बजिंदर सिंह पर 22 वर्षीय एक महिला ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इस संबंध में कपूरथला में 28 फरवरी को केस दर्ज किया गया था।
समाचर पत्रों में प्रकाशित खबर का राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया था। राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन विजय रहितकर ने कहा था कि पंजाब के पास्टर बजिंदर सिंह से जुड़ा मामला बहुत गंभीर और चिंताजनक है।
महिला आयोग ने पंजाब पुलिस को मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट और एफआईआर की प्रति तीन दिनों में सौंपने के लिए कहा था। इसके साथ ही यह भी पूछा गया है कि पंजाब पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।