दीपावली पर जब शहर में जल रहे थे दीये, तब सांसें बचा रहे थे ये जांबाज; जालंधर के इन 4 हीरोज के लिए ड्यूटी सबसे बड़ा त्योहार
जालंधर में दीवाली के दौरान आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारी अपनी व्यक्तिगत खुशियों को त्यागकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
लैब टेक्नीशियन अमिता अग्रवाल ने मरीज की जान बचाई
एएसआई सतपाल सिंह ने हाईवे पर घायलों की मदद की
फायर अफसर मनिंदर सिंह 7 साल से दिवाली पर ड्यूटी पर
जागरण टीम, जालंधर। दीवाली का त्योहार आते ही पूरा देश रोशनी से नहा उठता है। साल भर विदेशों में मेहनत करने वाले लोग भी इस एक त्योहार के लिए अपने घर लौट आते हैं।
साल भर की थकान, काम का दबाव और दूरियों का दर्द सब कुछ भूलकर हर किसी की बस एक ही चाहत होती है कि इस बार की दीवाली अपनों के बीच मने।
घर में लक्ष्मी पूजन हो, आंगन में दीये जलें, बच्चे पटाखे चलाएं और बुजुर्गों के साथ बैठकर हंसी-मजाक हो। लेकिन इसी रोशनी के बीच कुछ ऐसे चेहरे भी हैं, जिनकी दीवाली कभी घर के आंगन में नहीं मनती।
सफेद कोट पहने हाथ अस्पताल के वार्ड में मरीजों की सांसें गिन रहे होते हैं, खाकी वर्दी पहने जवान सड़क पर किसी अनजान की जिंदगी बचाने के लिए दौड़ रहे होते हैं और फायर ब्रिगेड की वर्दी पहने अफसर आग की लपटों के बीच शहर को सुरक्षित रखने के लिए खड़े होते हैं।
इनके लिए दीवाली का मतलब छुट्टी नहीं, बल्कि ड्यूटी ही सबसे बड़ा त्योहार है। जालंधर और आसपास के ऐसे ही चार लोगों की कहानी बताती है कि त्योहार की असली रोशनी तो इन्हीं के त्याग से फैलती है।
अमिता अग्रवाल, सतपाल सिंह, सरबजीत सिंह और मनिंदर सिंह, ये चारों अलग-अलग विभागों में हैं, लेकिन इनकी सोच एक ही है।
जब हम अपने घरों में दीये जला रहे होते हैं, तब ये लोग अस्पताल, हाईवे, थाने और फायर स्टेशन पर हमारी सुरक्षा के लिए जाग रहे होते हैं।
इनकी दीवाली भले ही घर से दूर मनती हो, लेकिन इनकी वजह से ही हजारों घरों में दीवाली सुरक्षित और खुशहाल मनती है। यही इनकी सबसे बड़ी सेवा है और यही इनकी असली दीवाली है।
यह भी पढ़ें- 26 दिन बाद हुआ परविंदर झोटा का अंतिम संस्कार, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब; अमृतपाल सिंह के पिता भी हुए शामिल
लैब में जलते दीये से ज्यादा जरूरी है मरीज की सांस: अमिता अग्रवाल
फिल्लौर के सिविल अस्पताल में पिछले करीब 15 साल से लैब टेक्नीशियन के तौर पर सेवाएं दे रहीं अमिता अग्रवाल इसकी सबसे बड़ी मिसाल हैं। वह अब तक सात बार दीवाली के दिन ड्यूटी कर चुकी हैं।
उनके परिवार में दीवाली मनाने का बहुत शौक है, घर में सजावट होती है, पकवान बनते हैं, लेकिन वह अपनी ड्यूटी को ही प्राथमिकता देती हैं।
अमिता बताती हैं कि करीब 10 साल पहले की एक दीवाली ने उनकी जिंदगी की सोच ही बदल दी। उस दिन वह किसी काम से अस्पताल गई थीं। वहां उन्होंने एक झुलसे हुए बच्चे को दर्द से चीखते हुए देखा।
बच्चे के स्वजनों की आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। इमरजेंसी में मरीज ज्यादा होने की वजह से इलाज धीमी गति से चल रहा था। यह दृश्य देखकर अमिता से रहा नहीं गया और उन्होंने तुरंत इलाज में सहायता शुरू कर दी।
उस दिन के बाद से उन्होंने तय कर लिया कि वह दीवाली के दिन भी ड्यूटी से पीछे नहीं हटेंगी। उनका मानना है कि जब कोई मरीज दर्द में हो, तो उसके लिए एक-एक मिनट कीमती होता है। अगर उस समय अनुभवी हाथ मदद के लिए आगे आ जाएं, तो किसी की जिंदगी बच सकती है।
अमिता दीवाली पर लोगों को ग्रीन और सुरक्षित दीवाली मनाने की सलाह देती हैं। वह कहती हैं कि दीवाली की रात प्रदूषण अचानक बढ़ जाता है, इसलिए बुजुर्गों और सांस की बीमारी वाले मरीजों को एन-95 मास्क जरूर लगाना चाहिए।
घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और पटाखों से दूरी बनाए रखें। मामूली रूप से झुलसने पर घाव पर तुरंत ठंडा पानी डालें, कोई घरेलू नुस्खा न लगाएं और गंभीर रूप से झुलसने पर बिना देर किए अस्पताल पहुंचें। उनके लिए यही संदेश ही दीवाली का सबसे बड़ा तोहफा है।
हाईवे पर फरिश्ता बने एएसआई सतपाल सिंह
दीवाली की रात जब पूरा शहर खुशियां मना रहा था, तब सड़क सुरक्षा फोर्स के जवान अपनी ड्यूटी पर लोगों की जान बचाने में जुटे थे। वर्ष 2024 की दीवाली की रात पठानकोट हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में एएसआई सतपाल सिंह ने जो तत्परता दिखाई, वह आज भी लोगों को याद है।
हादसे की सूचना मिलते ही सतपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां दुर्घटना में घायल लोग दर्द से कराह रहे थे और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी।
त्योहार की रात थी, सड़कों पर भीड़ थी, लेकिन उन्होंने एक पल भी गंवाए बिना राहत कार्य शुरू कर दिया। घायलों को संभाला, उन्हें हिम्मत दी और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, ताकि समय पर उपचार मिल सके।
उनकी इस तत्परता की वजह से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका और उनकी जान बच गई। सड़क सुरक्षा फोर्स का उद्देश्य ही यही है कि सड़क हादसों में घायलों को तुरंत सहायता मिले और बहुमूल्य जान बचाई जा सके।
सतपाल सिंह का यह प्रयास बताता है कि वर्दी पहनने वाले जवानों के लिए ड्यूटी केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा का संकल्प भी है। जब लोग त्योहार मना रहे थे, तब वह अनजान लोगों की जिंदगी बचाने में जुटे थे।
यह भी पढ़ें- मोहाली में पटाखों के स्टॉलों में लगी आग, लाखों का सामान राख; प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल
गढ़ा हादसे में घायल के लिए दौड़े हेड कॉन्स्टेबल सरबजीत सिंह
दीवाली का त्योहार था। शहर की सड़कें रोशनी से जगमगा रही थीं, बाजारों में रौनक थी और लोग अपने परिवारों के साथ खुशियां मना रहे थे।
वहीं पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात होकर शहर की सुरक्षा में जुटे थे। इसी दौरान थाना सात में तैनात हेड कांस्टेबल सरबजीत सिंह ने ड्यूटी के साथ इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
वर्ष 2022 की दीवाली की रात ड्यूटी के दौरान उन्हें गढ़ा में सड़क हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सरबजीत सिंह मौके पर पहुंचे।
वहां घायल व्यक्ति दर्द से कराह रहा था और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी। त्योहार की रात होने के कारण सड़क पर आवाजाही जारी थी, लेकिन उन्होंने बिना समय गंवाए घायल की मदद करने का फैसला किया।
उन्होंने घायल को संभाला और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से घायल का इलाज हो सका। इस दौरान उन्होंने अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता देते हुए मानवीय जिम्मेदारी भी निभाई।
सरबजीत सिंह की ड्यूटी का सिलसिला यहीं नहीं रुका। वर्ष 2025 की दीवाली की रात लेबर कालोनी में हुए कत्ल के मामले में भी उन्होंने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई और 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की वर्दी पहनने वाले जवानों के लिए त्योहारों पर ड्यूटी करना कोई नई बात नहीं है।
दिवाली, होली और अन्य त्योहारों पर जब लोग अपने परिवारों के साथ होते हैं, तब पुलिसकर्मी सड़कों पर रहकर दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
सरबजीत सिंह का यह प्रयास बताता है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि मुसीबत में फंसे लोगों की मदद करना भी उसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनके लिए दीवाली की रात छुट्टी नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का अवसर बन गई।
यह भी पढ़ें- पराली जलाने के मामले में पटियाला पुलिस ने 20 केस दर्ज किए, तीन में खेत मालिक नामजद
ड्यूटी ही पहला कर्तव्य: 7 साल से दीवाली पर घर नहीं गए फायर अफसर मनिंदर सिंह
जालंधर के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट फायर अफसर मनिंदर सिंह की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। दीवाली का त्योहार हर कोई अपने परिवार के साथ मनाना चाहता है, लेकिन मनिंदर सिंह पिछले 7 साल से दीवाली पर घर नहीं गए हैं। उनके लिए ड्यूटी ही पहला कर्तव्य है।
मनिंदर सिंह साल 2018 में फायर ब्रिगेड में शामिल हुए थे। तब से लेकर अब तक चाहे उनकी तैनाती लुधियाना में रही हो, चाहे मोहाली में और अब जालंधर में, हर बार दीवाली पर वे ड्यूटी पर ही तैनात रहे हैं। उनका कहना है कि दीवाली पर ड्यूटी ही उनका पहला कर्तव्य है।
यह सीख उन्हें अपने पिता से मिली है। उनके पिता ने दिल्ली फायर ब्रिगेड में 35 साल तक सेवा की और वहां से रिटायर हुए। पिता भी दीवाली पर हमेशा घर से बाहर रहते थे और लोगों की सेवा करते थे। यही सीख मनिंदर सिंह ने अपनाई है कि लोगों की सेवा सबसे पहले है।
मनिंदर सिंह बताते हैं कि ड्यूटी को प्राथमिकता देना अब उनके स्वभाव में शामिल हो गया है। दीवाली पर उनकी पूरी कोशिश रहती है कि शहर में सब कुछ शांतिपूर्वक निपट जाए।
त्योहार के दौरान कहीं भी आग की घटना न हो, इसके लिए वे पूरी टीम के साथ फील्ड में डटे रहते हैं। दीवाली का पर्व समाप्त होने के बाद ही वे घर जाते हैं और परिवार के साथ समय बिताते हैं।
जब वे लुधियाना में तैनात थे, तो उस समय वे इंचार्ज के तौर पर बड़ी जिम्मेदारी निभा रहे थे। दीवाली की रात करीब 35 जगह आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं। उस रात उनकी कोशिश रही कि वे हर जगह खुद पहुंचें और हालात को काबू में करें।
उस समय कई बड़ी आग की घटनाओं पर काबू पाया गया और उन्हें सुकून मिला कि जो जिम्मेदारी ली है, उसे पूरी तरह से निभा सके।
मनिंदर सिंह ने कहा कि लुधियाना के मुकाबले जालंधर उतना बड़ा शहर नहीं है, लेकिन यहां भी दीवाली पर आग लगने का खतरा बना रहता है। पिछले 2 साल में टीमवर्क से कई बड़ी घटनाओं को रोकने की कोशिश की गई है।
इस बार भी दीवाली के लिए 20 जगहों पर फायर टेंडर तैनात किए गए हैं और पूरा स्टाफ अलर्ट पर रहेगा। उनका कहना है कि जब तक शहरवासी सुरक्षित दीवाली मना लेते हैं, तब तक उनकी दीवाली पूरी नहीं होती। लोगों की सुरक्षा में ही उनकी असली दीवाली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।