कपूरथला में बेटे के जन्म के बाद पति ने अस्पताल में ही घोंटा पत्नी का गला, चरित्र पर था संदेह
आम तौर पर लोग अस्पताल में नई जिंदगी की उम्मीद में आते हैं लेकिन बलविंदर कौर इस लिहाज से बेहद बदनसीब निकली। बलविंदर कौर ने गायनी वार्ड में एक बेटे को जन्म दिया लेकिन उसके पति ने संदेह के चलते पत्नी की सांसें रोककर उसे मौत के घाट उतार दिया।

हरनेक सिंह जैनपुरी, कपूरथला। यहां सिविल अस्पताल में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। गायनी वार्ड में चार दिन पहले मां बनी 24 वर्षीय बलविंदर कौर की उसके ही पति मनजीत सिंह ने गला घोंटकर हत्या कर दी। सुबह चार बजे उसने नवजात बच्चे के सामने ही उसे मार डाला। मनजीत पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात पर उसने पत्नी की जान ले ली। इस घटना की एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें नवजात अपने पिता के हाथों मां की मौत का मंजर निहार रहा है। बताया जा रहा है कि बलविंदर और मनजीत ने कुछ वर्ष पहले ही प्रेम विवाह किया था। दोनों का पहले भी एक बेटा है।
मुंह दबाकर की बलविंदर की हत्या
बताया जा रहा है मनजीत सिंह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी कारण उसने मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। गांव केसरपुर की बलविंदर कौर को गत एक जून को सिविल अस्पताल (कपूरथला) के गायनी वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसने सिजेरियन आपरेशन के बाद एक लड़के को जन्म दिया। पति ने शक के चलते शनिवार सुबह करीब चार बजे अपने हाथों से पत्नी का मुंह दबाकर उसकी जान ले ली।
यह भी पढ़ेंः-जालंधर में दो पंजाबी युवकों की जुगलबंदी ने किया कमाल, माडल टाउन में खोला 21 तरह के सलाद का काउंटर
पुलिस ने हिरासत में लिया आरोपित, जांच जारी
इस संंबंध में डीएसपी सुरिंदर सिंह ने बताया कि सिविल अस्पताल के गायनी वार्ड में शनिवार सुबह मनजीत सिंह ने अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपित मनजीत सिंह अपनी पत्नी पर शक करता था, जिसके चलते उसने मौका पाकर घटना को अंजाम दे दिया। इस पूरे मामले की सिविल अस्पताल के स्टाफ के किसी सदस्य द्वारा बनाई गई वीडियो भी वायरल हो चुकी है। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।