Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया नौ दिन के पुलिस रिमांड पर, हथियारों के सप्लाई को लेकर पूछताछ करेगी जालंधर पुलिस

    By Pankaj DwivediEdited By:
    Updated: Sat, 03 Sep 2022 04:15 PM (IST)

    2014 में पकड़े गए हथियारों संबंधी एक पुराने मामले में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया को मोहाली कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस जालंधर लेकर आई। भोगपुर में हथियार सप्लाई करने के मामले में जग्गू से पूछताछ आपेक्षित थी। कोर्ट ने उसे नौ दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।

    Hero Image
    भगवानपुरिया को कोर्ट में पेश करने को लेकर शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई।

    संवाद सहयोगी, जालंधर। कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया को भोगपुर थाना में 2014 में दर्ज हुए एक मामले में पूछताछ के लिए पुलिस मोहाली कोर्ट में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर जालंधर लेकर आई। उसे बुलेटप्रूफ गाड़ी में लाया गया। भोगपुर थाना में हथियार सप्लाई करने के मामले में जग्गू से पूछताछ की जानी है। जज मोहिंदर प्रताप सिंह लिबड़ां की अदालत ने उसे नौ दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एडवोकेट बीएस काहलों ने बताया कि जग्गू भगवानपुरिया को अवैध असलहा रखने के आरोप में पुलिस ने पकड़ा था। उसके बाद से वह फरार था। भगवानपुरिया को जालंधर कोर्ट में पेश करने के लिए शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। जिस रूट से गैंगस्टर को लाया गया, उस पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस लगाई गई। जालंधर की अदालत और सिविल अस्पताल को एक तरह से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। किसी भी व्यक्ति को बिना काम के कोर्ट में घुसने नहीं दिया गया। एसएसपी स्वर्णदीप सिंह ने बताया कि मोहाली में जालंधर देहाती पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम एक साथ पूछताछ करेगी।

    सिविल अस्पताल में भी चला चेकिंग अभियान

    सिविल अस्पताल में भी पुलिस अधिकारियों ने फोर्स के साथ सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे की छानबीन की। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधिकारियों से भी बातचीत की। पूछने पर पुलिस अधिकारियों ने मेडिकल के लिए भवानपुरिया को सिविल अस्पताल में लाए जाने की जानकारी को गुप्त रखा। अधिकारियों ने इतना ही कहा कि रूटीन में सार्वजनिक स्थलों की चेकिंग की जा रही है। हालांकि जालंधर और मोहाली पुलिस ने जग्गू का मोहाली में ही मेडिकल करवाया और जालंधर में पेश कर वापस मोहाली ले गई।

    यह है मामला

    22 जून 2014 को तत्कालीन एसआइ जरनैल सिंह, एएसआइ अजीत सिंह पुलिस बल के साथ अड्डा किशनगढ़ में मौजूद थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि गुरदीप सिंह निवासी गुरदासपुर, मनप्रीत सिंह उर्फ मन्न निवासी अमृतसर, जगदीप सिंह उर्फ जग्गू निवासी गुरदासपुर व मलकीत सिंह उर्फ नवाब निवासी अमृतसर भोगपुर-आदमपुर एरिया में बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए आए हुए हैं। आरोपितों के पास असलहा भी है। ये इंडिका गाड़ी से भोगपुर से काला बकरा साइड आ रहे हैं।

    पुलिस ने काला बकरा के नजदीक पड़ते गांव कोटली शेखां में नाकाबंदी कर दी। तड़के चार बजे के करीब काला बकरा से एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो नाके से 50 गज पीछे कार को रोककर चारों युवक असलहे समेत भाग गए और साथ लगते मक्की के खेत में छिप गए। पुलिस ने दो युवकों को काबू कर लिया था। काबू किए व्यक्तियों ने अपने नाम गुरदीप सिंह व मनप्रीत सिंह उर्फ मन्न बताए। उसकी तलाशी में राइफल 315 बोर बरामद हुई थी। इंडिका कार चेक करने पर पिछली सीट पर दो राइफलें 12 बोर डबल बैरल व एक राइफल सपरिंग फील्ड बरामद की गई थी। 12 कारतूस भी मिले थे। इस दौरान मलकीत सिंह उर्फ नवाब व जगदीप सिंह जग्गू भगवानपुरिया अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे थे।

    यह भी पढ़ेंः Ludhiana Street Foodः बलवंत सिंह की लस्सी का स्वाद है निराला, देशभर से लुफ्त उठाने आते हैं लोग