विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

E-Scooter Fire: अमृतसर में धू धू कर जली चार्जिंग में लगी इलेक्ट्रिक स्कूटर, पड़ोसियों ने बचाई आग में फंसे परिवार की जान

By Pankaj DwivediEdited By:
Published: Tue, 03 May 2022 04:19 PM (IST)

अब पंजाब में भी इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की घटनाएं आम होने लगी है। कुछ दिन पहले लुधियाना में ...और पढ़ें

मंगलवार को अमृतसर में जलकर खाक हुई ई-स्कूटर।
मंगलवार को अमृतसर में जलकर खाक हुई ई-स्कूटर।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों की वजह से लोग ई-बाइक या स्कूटर खरीद रहे हैं। इस बीच देशभर में इलेक्ट्रिक स्कूटरों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। पंजाब में भी ऐसी घटनाएं आम होने लगी है। मंगलवार को अमृतसर के गुरु की वडाली क्षेत्र में रहने वाले दलजीत सिंह के घर पर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटर को अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की स्कूटी धू धू कर जलने लगी। इस दौरान शार्ट सर्किट भी हुआ और वाशिंग मशीन, कूलर व फ्रिज भी खराब हो गए। स्कूटी में लगी आग धीरे-धीरे पूरे घर में फैलने लगी।

ई-स्कूटर प्रवेश द्वार के पास खड़ी थी, इसलिए परिवार वालों को घर से निकलने का मौका नहीं मिला। आस-पड़ोस के लोगों ने शोर सुना तो गेट खोलने का प्रयास किया, लेकिन यह अंदर से बंद था। ऐसे में लोगों ने कटर की मदद से गेट काटा और धू धू कर जल रही स्कूटर पर पानी फेंक कर आग पर काबू पाया। बता दें कि कुछ दिन पहले लुधियाना में इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है।

ई-स्कूटर में आग लगने से घर का अन्य सामान भी बुरी तरह जल गया।

14 अप्रैल को 85 हजार में खरीदी थी ई-स्कूटर

दलजीत सिंह ने बताया कि उनके बेटे मनप्रीत ने 14 अप्रैल को ही पुतलीघर स्थित यामाहा एजेंसी से ई-स्कूटर खरीदी थी। 85 हजार की ई-स्कूटर इसलिए ली ताकि पेट्रोल के खर्च से बचा जा सके। मंगलवार सुबह हम सोकर उठे तो मनप्रीत ने उसे चार्जिंग पर लगा दिया। अभी वह चार्जिंग लगाकर लौटा ही था कि अचानक जलने की बदबू आने लगी। ई-स्कूटर की तरफ देखा तो वह नीचे से जल रही थी। उसकी बैटरी में आग लग चुकी थी। इससे पहले ही हम कुछ पाते, आग तेजी से फैल गई। स्कूटी के पास रखी फोल्डिंग चारपाई भी इसकी चपेट में आ गई। बाहर निकलने का रास्ता नहीं था। ऐसे में हमने शोर मचाया और खुद को कमरे में बंद कर लिया।

वाशिंग मशीन, फ्रिज व घर की वायरिंग जली

दलजीत सिंह के अनुसार आग लगने से वाशिंग मशीन, फ्रिज व घर की वायरिंग जल गई है। छतें खराब हो गईं। हमारा तकरीबन दो से ढाई लाख का नुकसान हुआ है। उस पर एजेंसी में फोन किया तो उचित जवाब नहीं मिला। न ही कोई यहां आया। कंपनी द्वारा तैयार किए जाने वाली ई-स्कूटर में कोई सेफ्टी फीचर नहीं। यदि बैटरी गर्म हो रही है तो इसका इंडीकेशन आना चाहिए। इस संबंध में यदि कंपनी ने उचित कार्रवाई न की तो हम अपने स्तर पर कार्रवाई करेंगे।