जालंधर में गायक दिलजीत के गांव की दीवार पर लिखे थे खालिस्तान के समर्थन में नारे, पुलिस ने तीन आरोपी दबोचे
जालंधर देहात पुलिस ने पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के गांव में दीवार पर खालिस्तानी नारे लिखने के आरोप में मोगा ...और पढ़ें

दिलजीत दोसांझ के गांव में दिवार पर लिखे नारों पर सफेद कली फिरवा दी गई।
HighLights
दिलजीत दोसांझ के गांव में खालिस्तानी नारे लिखने का मामला।
जालंधर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।
आरोपियों ने पड़ोसी की दीवार पर लिखे थे नारे।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के गांव दोसांझ कलां में दीवार पर खालिस्तानी नारे लिखने के मामले में जालंधर देहात पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान लवप्रीत सिंह, प्रितपाल सिंह और शगनदीप सिंह के रूप में हुई है।
तीनों मोगा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें 15 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस जल्द ही प्रेस कांफ्रेंस कर मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा कर सकती है।
यह भी पढ़ें- दिलजीत दोसांझ का घर समझकर दूसरे की दीवार पर लिख दिए विवादित नारे, वीडियो वायरल होने पर सामने आया सच
दिलजीत की जगह पड़ोसी की दीवार पर लिखे नारे
यह मामला सात अक्टूबर का है। दिलजीत दोसांझ के आरा इंडिया टूर से पहले दोसांझ कलां में कुछ लोगों ने एक घर की दीवार पर स्प्रे से 'खालिस्तान जिंदाबाद' के नारे लिख दिए थे। दीवार के नीचे दिलजीत दोसांझ का नाम भी लिखा गया था। शुरुआत में यह मामला दिलजीत के घर से जुड़ा माना जा रहा था, लेकिन बाद में पता चला कि जिस दीवार पर नारे लिखे गए थे, वह उनके पड़ोसी का घर था। दिलजीत का घर दूसरी ओर सड़क पर स्थित है।
यह भी पढ़ें- Rahat Fateh Ali Khan ने 'सांसों की माला' गाने के लिए की दिलजीत दोसांझ की तारीफ, बोले- 'कई लोग तो डर जाते...'
पड़ोसी ने डांटा तो भाग निकले थे आरोपित
घर के मालिक मुख्तियार ने बताया था कि रात को स्प्रे की गंध घर के अंदर तक आने लगी तो उनकी नींद खुल गई। बाहर जाकर देखा तो चार से पांच लोग मुंह बांधकर दीवार पर कुछ लिख रहे थे। उन्होंने आरोपियों को डांटा तो वे वहां से भाग गए।
बाद में उन्होंने दीवार पर लिखे नारे देखे, जिनमें दिलजीत दोसांझ का नाम भी शामिल था। मुख्तियार ने बताया था कि वह दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। दीवार खराब होने से उन्हें करीब पांच से सात हजार रुपये का नुकसान हुआ। अब पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद घटना के पीछे के मकसद और अन्य आरोपितों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
