विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी की तैयारियों के बीच छाया मातम, होशियारपुर में महीने पहले युवती ने निगला जहर; होने वाले पति पर लगे आरोप

Published: Sun, 04 Oct 2026 03:58 PM (IST)

3 नवंबर को राधा रानी की शादी होनी थी, लेकिन एक महीने पहले जहरीली दवा निगलने से उसकी मौत हो ...और पढ़ें

मृतक युवती अपने होने वाले पति के साथ।

मृतक युवती अपने होने वाले पति के साथ।

HighLights

  1. होशियारपुर में शादी से एक महीने पहले युवती ने निगला जहर।

  2. होने वाले पति राजीव कुमार पर प्रताड़ना के आरोप लगे।

  3. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।

हजारी लाल, होशियारपुर। होशियारपुर के एक घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों को बुलाने और शादी की रस्मों की तैयारियां होनी थीं, लेकिन इससे पहले ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। शादी से करीब एक महीने पहले युवती ने जहरीली दवा निगल ली। हालत बिगड़ने पर उसे पहले मुकेरियां और बाद में जालंधर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में युवती के होने वाले पति को गिरफ्तार किया है। तलवाड़ा पुलिस के अनुसार गांव बहि नंगल निवासी ध्यान सिंह ने शिकायत में बताया कि उसकी बेटी राधा रानी बी-कॉम कर रही थी। उसकी शादी मैरा जट्टां निवासी राजीव कुमार के साथ तय हुई थी। दोनों परिवारों ने शादी की तारीख 3 नवंबर 2026 तय की थी।

यह भी पढ़ें- पंजाब में पराली जलाने पर लगेगी रोक, 125 ड्रोन करेंगे निगरानी; 12 हजार अधिकारी और प्रोटेक्शन फोर्स भी तैनात

मां बाजार से लौटी तो बेटी ने बताया

शिकायत के अनुसार 30 सितंबर को करीब सुबह 10 बजे राधा रानी ने जहरीली दवा निगल ली। उसकी मां सुषमा देवी बाजार से घर लौटी तो बेटी ने उसे बताया कि उसने जहरीली दवा खा ली है और उसे घबराहट हो रही है। परिजनों ने बिना देरी किए उसे मुकेरियां के मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया।

राधा रानी की हालत गंभीर होने पर 1 अक्टूबर को उसे जालंधर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। होने वाला पति राजीव कुमार भी उस दौरान उसके साथ अस्पताल में मौजूद था। इलाज के दौरान 2 अक्टूबर को राधा रानी की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- 2027 चुनाव में पंजाब कांग्रेस का कौन होगा CM फेस? सचिन पायलट ने दिया बड़ा बयान, सस्पेंस से उठाया पर्दा

शादी से पहले ही सामने आया रिश्ते का कड़वा पहलू

पुलिस जांच और परिजनों के बयानों में सामने आया कि राजीव कुमार कथित तौर पर राधा रानी को तंग-परेशान करता था। इसी से परेशान होकर उसने जहरीली दवा निगल ली। जहरीली दवा के असर से उसकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी जान चली गई। तलवाड़ा पुलिस ने मामले में राजीव कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- VIP दिखने की चाहत ने पहुंचाया हवालात, तरनतारन में सुरक्षा पाने के लिए अपने ही घर पर चलवाई गोलियां