5 रुपये की 'लेमन जीरा' के नाम पर सेहत से खिलवाड़! होशियारपुर में स्वास्थ्य विभाग की रेड, बिना लेबल मिश्रण मिला
होशियारपुर की राजेश बेकरी में स्वास्थ्य विभाग की रेड के दौरान लेमन जीरा का बिना लेबल मिश्रण, मियाद पार खाद्य ...और पढ़ें

बेकरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सेहत विभाग।
HighLights
होशियारपुर की राजेश बेकरी पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी।
5 रुपये की लेमन जीरा में बिना लेबल का मिश्रण मिला।
बेकरी में गंदगी और मियाद पार खाद्य सामग्री भी पाई गई।
हजारी लाल, होशियारपुर। पांच रुपये में मिलने वाली ठंडी लेमन जीरा बच्चों और शहरवासियों के बीच काफी लोकप्रिय है, लेकिन अब इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कच्चे टोबे स्थित राजेश बेकरी में स्वास्थ्य विभाग की टीम की छापामारी के दौरान लेमन जीरा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला ऐसा मिश्रण मिला, जिस पर न कंपनी का नाम था और न ही उसके निर्माण और एक्सपायरी डेट अंकित थी।
यह मिश्रण कैपाकोला की बोतलों में भरकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने मिश्रण का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है। अब जांच रिपोर्ट से पता चलेगा कि इसमें इस्तेमाल सामग्री खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप थी या नहीं। इसके साथ ही गंदगी से सनी ट्रे में पैटी-कुलचे, मियाद पार ब्रेड-पैटी और अन्य खाद्य सामग्री भी मिली। सबसे बड़ा सवाल पांच रुपये में बिक रही लेमन जीरा को लेकर उठा।
यह भी पढ़ें- शादी की तैयारियों के बीच छाया मातम, होशियारपुर में महीने पहले युवती ने निगला जहर; होने वाले पति पर लगे आरोप
न कंपनी का नाम, न बनने की तारीख
स्वास्थ्य विभाग की टीम को लेमन जीरा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला मिश्रण मिला। हैरानी की बात यह थी कि मिश्रण पर न किसी कंपनी का लेबल था, न मैन्युफैक्चरिंग डेट और न एक्सपायरी डेट। इसे कैपाकोला ब्रांड की बोतलों में भरकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था। विभाग ने मिश्रण का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है। अब रिपोर्ट बताएगी कि पांच रुपये की इस ड्रिंक में आखिर क्या इस्तेमाल हो रहा था।
रोज करीब दो हजार बोतलें बिक जाती हैं
विभागीय टीम के अनुसार बेकरी में लेमन जीरा की बिक्री काफी ज्यादा थी और रोज करीब दो हजार बोतलें बिकने की बात सामने आई। डा. भाटिया ने कहा कि बच्चों को पांच रुपये में बेची जा रही इस ड्रिंक की सामग्री और गुणवत्ता की जांच जरूरी है। यदि इसमें मानकों के विपरीत सामग्री पाई जाती है तो यह सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला होगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब में पराली जलाने पर लगेगी रोक, 125 ड्रोन करेंगे निगरानी; 12 हजार अधिकारी और प्रोटेक्शन फोर्स भी तैनात
ट्रे की हालत देख अधिकारी भी हैरान
रेड के दौरान बेकरी की सफाई व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई। गंदगी से सनी ट्रे में खाद्य पदार्थ रखे मिले। पैटी, पिज्जा और ब्रेड समेत अन्य सामान की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। कुछ खाद्य सामग्री की मियाद पूरी हो चुकी थी। सवाल यह है कि जिस सामान को ग्राहक सीधे खा रहे हैं, उसकी सफाई और गुणवत्ता की निगरानी आखिर कौन कर रहा था?
मालिक ने मांगी माफी, अब जांच रिपोर्ट का इंतजार
छापे के दौरान बेकरी मालिक ने सफाई व्यवस्था में कमी स्वीकार करते हुए माफी मांगी और आगे से साफ-सफाई रखने का भरोसा दिया। स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस जारी कर लेमन जीरा के मिश्रण का सैंपल लिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी कि इसमें इस्तेमाल सामग्री सुरक्षित थी या लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान फूड सेफ्टी अधिकारी विवेक कुमार, राम लुभाया और गुरविंदर शाने मौजूद रहे।
