यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
वसूली किंग, मूसेवाला की हत्या... कबड्डी से क्राइम की दुनिया में रखा कदम; कौन है कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया?
पंजाब में कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसकी जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ...और पढ़ें

गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की क्राइम कहानी।
सुशील कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के गुरदासपुर की रात शांत थी। लगभग लोग सोने को तैयार थे। गुरुवार रात करीब 11 बजे बाइक सवार बदमाशों ने रात को अशांत कर दिया। बदमाशों ने एक कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई।
जिस महिला पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं, वह पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर जग्गूभगवानपुरिया की मां हरजीत कौर थीं।
इस सनसनी मर्डर के बाद पंजाब में एक बार फिर गैंगवार की चिंगारी भड़क उठी है। गुरदासपुर में हुए इस हमले की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली है। इस वारदात के बाद कुख्यात गैंगस्टर जग्गू एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
कौन है जग्गूभगवानपुरिया
गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का असली नाम जगदीप सिंह है। किडनैपिंग, वसूली, रॉबरी और हत्या इसका पेशा है। इस गैंग का वह खुद सरगना है। 2012 में अपराध की दुनिया में कदम रखा और कुछ ही समय बाद कुख्यात गैंगस्टर बन गया।
2015 से जेल में बंद है, इसके बाद भी गैंग को चला रहा है। जग्गू एक उम्दा कबड्डी खिलाड़ी माना जाता था, लेकिन उसने खेल को नहीं क्राइम को चुना। इसके गैंग का नेटवर्क पाकिस्तान और कनाडा तक फैला है।
'वसूली किंग' के नाम से कुख्यात
पंजाब में जग्गू भगवानपुरिया 'वसूली किंग' के नाम से जाना जाता है। इसके वसूली का नेटवर्क काफी दूर तक फैला है। उसने लोगों को बता दिया था कि पंजाब में अगर धंधा करना है तो वसूली देनी ही पड़ेगी।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या का आरोप
जग्गू भगवानपुरियामशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या का आरोपी है। उस पर आरोप है कि मूसेवाला हत्याकांड में भी शामिल था। इस हत्याकांड में उसकी भूमिका की जांच चल रही है।
असम की जेल में कैद
जग्गू भगवानपुरिया अभी असम की सिलचर जेल में कैद है। इससे पहले वह बठिंडा जेल में बंद था। लंबे समय तक जेल में बंद रहने के दौरान उसने नशा तस्करी, जबरन वसूली और हिंसक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई में उसे असम की जेल में शिफ्ट किया गया।

128 मामले दर्ज
कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया पर 128 मामले दर्ज हैं। हत्या, लूट, जबरन वसूली, अवैध हथियारों की सप्लाई और नशा तस्करी जैसे संगीन अपराधों को अंजाम दिया है। जग्गू, पंजाब का पहला गैंगस्टर है, जो पाकिस्तान सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी में कुख्यात है।
लॉरेंस बिश्नोई का था करीबी
जग्गू भगवानपुरिया कभी लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ का करीबी था। लेकिन अब कट्टर विरोधी बन चुका है। तीनों के रास्ते अलग हो चुके हैं। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद दूरी बना ली।

कैसे नाम पड़ा भगवानपुरिया
पंजाब के गुरदासपुर जिले के भगवानपुर गांव का रहने वाला है। इसलिए वह अपने नाम के साथ भगवानपुरिया लगाता है। गैंगस्टर में यह चलन पुराना है, कई क्रिमिनल हैं, जो अपने नाम के साथ गांव का नाम लगाता है।
