गन्ने की बकाया राशि और 500 रुपये रेट की मांग को लेकर किसानों का पक्का धरना, गुरदासपुर में हाईवे किया जाम
गन्ने का बकाया भुगतान, 500 रुपये प्रति क्विंटल भाव और मिलों को 25 नवंबर से पहले चालू करने की मांग को लेकर किसानों ने मुख्य हाईवे पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

गुरदासपुर में हाईवे पर बैठे किसान।
HighLights
माझा किसान संघर्ष कमेटी ने गुरदासपुर में धरना शुरू किया।
गन्ने की बकाया राशि और 500 रुपये रेट की मांग।
अमृतसर-पठानकोट हाईवे जाम, यातायात प्रभावित हुआ।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। पंजाब में गन्ना किसानों की बकाया राशि जारी करने, गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने और 25 नवंबर से पहले गन्ना मिलों को चालू करवाने की मांग को लेकर माझा किसान संघर्ष कमेटी ने शुक्रवार को गुरदासपुर के बब्बरी बाइपास चौक पर पक्का धरना शुरू कर दिया है।
धरने के दौरान किसानों ने अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे की एक साइड का रास्ता रोक दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों का कहना है कि पिछले वर्ष की गन्ने की फसल की बकाया राशि अभी तक पूरी तरह नहीं मिली है, जबकि पिराई सीजन को लेकर भी सरकार की ओर से कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया।
इस वर्ष गन्ने का मूल्य घोषित न होने और गन्ना मिलों के संचालन में देरी के कारण किसानों में सरकार के प्रति रोष बढ़ रहा है। किसानों का कहना है कि एक तरफ उनकी पिछली फसल का भुगतान लंबित है, वहीं दूसरी तरफ नई फसल तैयार होने के बावजूद मिलों के चालू होने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
किसानों की मुख्य मांगें और चिंताएं
धरने पर बैठे किसान नेताओं ने मांग की कि गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए, किसानों की पिछले वर्ष की बकाया राशि तुरंत जारी की जाए और 25 नवंबर से पहले सभी संबंधित गन्ना मिलों को चालू करवाया जाए, ताकि किसान समय पर अपनी फसल मिलों तक पहुंचा सकें। किसान नेताओं के अनुसार, विभिन्न मिलों और सरकार की ओर किसानों का करोड़ों रुपये का भुगतान लंबित है।
उन्होंने कहा कि बकाया राशि समय पर नहीं मिलने से किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और खेती से जुड़े खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।
यह भी पढ़ें- वी-नाउ घोटाले में राज्यसभा सांसद सतनाम संधू को ED का समन, 25 नवंबर को जालंधर दफ्तर में पूछताछ के लिए बुलाया
किसानों ने आंदोलन की दी चेतावनी
किसानों ने यह भी मांग उठाई कि केंद्र सरकार और पंजाब सरकार की ओर से गन्ने के लिए निर्धारित राशि का भुगतान एक ही काउंटर से एक साथ किया जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल की कीमत प्राप्त करने के लिए अलग-अलग भुगतान प्रक्रिया का इंतजार न करना पड़े। उन्होंने कहा कि भुगतान व्यवस्था सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए।
माझा किसान संघर्ष कमेटी के नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों को स्वीकार कर धरातल पर लागू नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने मुकेरियां में किसानों के खिलाफ दर्ज पुलिस मामलों की भी निंदा की और सरकार से किसानों के मुद्दों को बातचीत के माध्यम से हल करने की अपील की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।