विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वी-नाउ घोटाले में राज्यसभा सांसद सतनाम संधू को ED का समन, 25 नवंबर को जालंधर दफ्तर में पूछताछ के लिए बुलाया

Published: Fri, 20 Nov 2026 01:45 PM (IST)

क्लाउड पार्टिकल के नाम पर 3700 करोड़ रुपये जुटाने के मामले में ईडी ने राज्यसभा सांसद सतनाम संधू को समन भेजा है। उन्हें 25 नवंबर को जालंधर कार्यालय में पेश होना है।

राज्यसभा सांसद डॉ. सतनाम सिंह संधू।

राज्यसभा सांसद डॉ. सतनाम सिंह संधू।

HighLights

  1. राज्यसभा सांसद सतनाम संधू को ईडी का समन।

  2. क्लाउड पार्टिकल घोटाले की जांच में बुलाया गया।

  3. 25 नवंबर को जालंधर ईडी कार्यालय में पेशी।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। क्लाउड पार्टिकल के नाम पर निवेशकों से करीब 3700 करोड़ रुपये जुटाने के कथित घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब से राज्यसभा के मनोनीत सांसद और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू को समन जारी किया है। उन्हें 25 नवंबर को जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है।

जांच एजेंसी वी-नाउ ग्रुप की कंपनियों से संधू को प्राप्त फंड, वित्तीय लेन-देन की प्रकृति और रकम के इस्तेमाल के उद्देश्य की जानकारी जुटाना चाहती है। हालांकि, संधू इस मामले में आरोपी नहीं हैं और उन्हें किसी मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधि में सीधे भूमिका के आरोप में नहीं बुलाया गया है।

सतनाम सिंह संधू राष्ट्रपति की ओर से राज्यसभा के लिए मनोनीत सांसद हैं। वह चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के संस्थापक और चांसलर हैं। पंजाब के फिरोजपुर से संबंध रखने वाले संधू ने शिक्षा क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। उनके राज्यसभा मनोनयन और भाजपा से जुड़ाव के कारण ईडी का समन राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है। जांच एजेंसी की ओर से फिलहाल उनके खिलाफ किसी अपराध में संलिप्तता का आरोप नहीं लगाया गया है।

यह भी पढ़ें- सरकारी स्कूलों के सुधार कार्यों के लिए फंडों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी: सीएम भगवंत सिंह मान

क्लाउड स्टोरेज के नाम पर निवेश का मॉडल

ईडी की जांच वी-नाउ ग्रुप की कंपनियों द्वारा MyCloudParticle ब्रांड के तहत निवेशकों को क्लाउड स्टोरेज स्पेस बेचने से जुड़ी है। कंपनी निवेशकों को एक टेराबाइट स्टोरेज क्षमता वाला क्लाउड पार्टिकल खरीदने और उसे कंपनी को वापस लीज पर देने के बदले नियमित किराया प्राप्त करने का प्रस्ताव देती थी। इस मॉडल को सेल एंड लीज बैक के रूप में प्रचारित किया गया था। निवेशकों को दस साल तक नियमित भुगतान का भरोसा दिया गया था।

जांच एजेंसी के मुताबिक, इस मॉडल के तहत करीब 3700 करोड़ रुपये जुटाए गए, जबकि लगभग 1800 करोड़ रुपये निवेशकों को किराये अथवा रिटर्न के रूप में वापस किए गए। ईडी का आरोप है कि बाकी रकम का इस्तेमाल भारी कमीशन देने, महंगी गाड़ियां खरीदने, सोना-हीरे खरीदने और संपत्तियों में निवेश करने सहित अन्य गतिविधियों में किया गया।

वास्तविक कारोबार और निवेशकों से किए वादों में अंतर

ईडी की जांच में कंपनी के वास्तविक डेटा सेंटर कारोबार और निवेशकों को दिए गए आश्वासनों के बीच अंतर सामने आया है। एजेंसी के अनुसार, डेटा सेंटर से होने वाली कमाई निवेशकों को दिए जाने वाले रिटर्न के मुकाबले पर्याप्त नहीं थी। जांच में नए निवेशकों से प्राप्त रकम का इस्तेमाल पुराने निवेशकों को भुगतान करने की आशंका भी जताई गई है। इसी वित्तीय व्यवस्था को एजेंसी मनी रोटेशन के तौर पर जांच रही है।

यह भी पढ़ें- 'लड़ते-लड़ते हार गया...', LIVE में फूट-फूट कर रोए AAP विधायक; पंजाब सरकार पर उठाए सवाल, जेल भेजने की जताई आशंका

270.94 करोड़ की संपत्तियां अटैच

ईडी अब तक इस मामले में करीब 270.94 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच या फ्रीज कर चुकी है। फरवरी 2025 में 178.12 करोड़ रुपये, अगस्त 2025 में 73.72 करोड़ रुपये और जनवरी 2026 में 19.10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्तियों पर कार्रवाई की गई। मामले में सुखविंदर सिंह खरोर, डिंपल खरोर और अरिफ निसार गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ईडी विशेष पीएमएलए अदालत में अभियोजन शिकायत भी दाखिल कर चुकी है।

संधू को भेजा गया समन अब जांच का नया पहलू है। 25 नवंबर को पूछताछ के दौरान एजेंसी वी-नाउ ग्रुप की कंपनियों से उनके वित्तीय लेन-देन और भुगतान के उद्देश्य का सत्यापन करेगी।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के घर पहुंचे डेरा ब्यास प्रमुख गुरिंदर ढिल्लों, राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।