40 योद्धाओं के साथ मुगल सेना को चटाई धूल..., कौन थी वीरांगना माई भागो जिसके नाम पर पंजाब में तैयार हो रही बेटियों की फौज
मोहाली के माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट में देश की रक्षा के लिए बेटियों को तैयार किया जा रहा है। यह संस्थान सिख वीरांगना माई भागो के नाम पर है, जिन्होंने 40 सिख योद्धाओं के साथ 10 हजार मुगल सैनिकों को धूल चटाई थी और आज भी प्रेरणास्रोत हैं।

वीरांगना माई भागो के नाम पर मोहाली में चल रहा संस्थान। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
वीरांगना माई भागो के नाम पर मोहाली में चल रहा संस्थान।
अब तक यहां की 68 छात्राओं का देश सेवा के लिए चयन।
पंजाब समेत देशभर की बेटियों के लिए बनी हैं प्रेरणा।
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। मोहाली के माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट फॉर गर्ल्स में देश की रक्षा के लिए बेटियों की फौज तैयार हो रही। अब तक यहां की 68 छात्राओं का देश सेवा के लिए चयन हो चुका है। इनमें से 45 छात्राएं सेना की प्री-कमीशन ट्रेनिंग अकादमियों में पहुंच चुकी हैं। कई छात्राएं सैन्य अधिकारी हैं।
क्या आप सिख इतिहास की उस वीरांगना को जानते हैं जिसके नाम पर इस संस्थान का नाम रखा गया और क्यों रखा गया। सिर्फ 40 सिख योद्धाओं के साथ 10 हजार मुगल सैनिकों की सेना को धूल चटाने वाली यह वीरांगना माई भागो आज पंजाब समेत देशभर की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर देश की रक्षा का जज्बा पैदा कर रही हैं।
बचन में घुड़सवारी, तीरंदाजी और भाला चलाना सिखा
माई भागो को माता भाग कौर के नाम से भी जाना जाता है। उनका जन्म 17वीं सदी में लगभग 1666 में पंजाब के तरनतारन जिले के झाबल कलां गांव में हुआ था। यह गांव अमृतसर के पास पड़ता है। उनके पिता मालो शाह गुरु हरगोबिंद की सेना में योद्धा थे। माई भागो ने बचपन से ही पिता से घुड़सवारी, तीरंदाजी और भाला चलाना सिख लिया था। जंगल में जाकर खुद ही मार्शल आर्ट भी सीखी।
सिखों पर हमलों की बातों का पड़ा असर
उन्होंने बचपन में गुरु अर्जन देव की शहादत और गुरु हर गोबिंद पर सेना के हमलों की कहानियां सुनी। परिवार में गुरुओं और सिखों पर हमलों की बात का असर माई भागो के दिमाग पर पड़ा, जिसकी वजह से उन्होंने सिखों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ हथियार उठाना अपना कर्तव्य मान लिया। जब बड़ी हुईं तो उनकी सोच मजबूत हुई और गुरु गोबिंद सिंह की अंगरक्षक बन गईं।
सैनिकों को धर्म व गुरु के प्रति कर्तव्य याद दिलाया
1704 में मुगल सेना ने आनंदपुर साहिब की घेराबंदी की तो माई भागो के गांव के 40 सिख सैनिक गुरु जी को 'बेदावा' (त्यागपत्र) लिखकर घरों को लौट आए। पता चलते ही माई भागो ने उन सैनिकों को ललकारा और धर्म व गुरु के प्रति कर्तव्य की भावना फिर से जगाई।
पुरुष के वेश में सैनिकों का नेतृत्व किया
29 दिसंबर 1705 को माई भागो ने पुरुष के वेश में स्वयं इन 40 सिखों का नेतृत्व किया और खिदराना (अब श्री मुक्तसर साहिब) के मैदान में 10 हजार से ज्यादा मुगल सैनिकों की सेना का रास्ता रोका। इस युद्ध में सभी 40 सिख वीरगति को प्राप्त हुए, जिन्हें गुरु गोबिंद सिंह ने 'चाली मुक्ते' (40 मुक्त आत्माएं) का सम्मान दिया।
गुरु गोबिंद सिंह की अंगरक्षक बनीं
खिदराना के युद्ध में माई भागो गंभीर रूप से घायल हुई, लेकिन जीवित रहीं। उनकी अदम्य वीरता और समर्पण को देखते हुए गुरु गोबिंद सिंह ने अपनी देखरेख में रखा और बाद में निजी अंगरक्षक नियुक्त किया।
1708 में नांदेड़ में गुरु गोबिंद सिंह के ज्योति जोत समाने के बाद माई भागो ने कर्नाटक के जांवड़ा में रहकर आध्यात्मिक जीवन बिताया और गुरु जी की शिक्षाओं का प्रचार किया। आज भी मुक्तसर साहिब और नांदेड़ (तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब) में उनकी स्मृति में गुरुद्वारे और स्मारक बने हुए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।