जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की पत्नी ने किया एलान, गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक से लड़ेगी चुनाव
गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की पत्नी अमनदीप कौर ने अमेरिका से लौटकर डेरा बाबा नानक विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

जग्गू भगवानपुरिया की पत्नी अमनदीप कौर मीडिया से बातचीत करते हुए।
HighLights
अमनदीप कौर ने डेरा बाबा नानक से चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
अमेरिका से लौटीं, पति जग्गू भगवानपुरिया को गैंगस्टर मानने से इनकार।
क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी पर ध्यान देने का वादा।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। जेल में बंद पंजाब सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की पत्नी अमनदीप कौर ने अमेरिका से वापिस लौटकर विधानसभा हलका डेरा बाबा नानक से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। हालांकि उन्होंने अभी भी यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किसी पार्टी या फिर से आजाद रुप से चुनाव लड़ेगी।
हालांकि डेरा बाबा नानक के गांव सर्फकोट में आयोजित प्रैस कान्फ्रेंस के दौरान अमनदीप कौर की राजनीति में एंट्री ने राजनीतिक गलियारों में पूरी तरह से हलचल मचा दी है। कुछ ही दिन पहले अमेरिका से लौटी अमनदीप कौर ने गांव सर्फकोट में चुनावी बैठक के दौरान यह घोषणा की कि वह विधानसभा हलका डेरा बाबा नानक से चुनाव लड़ने जा रही है।
यह भी पढ़ें- अमित शाह कल आ रहे पंजाब, 20 दिन में ये दूसरा दौरा; नशाखोरी का शिकार हुए परिवारों से करेंगे मुलाकात
डेंटिस्ट की पढ़ाई छोड़ लौटीं
अमेरिका से डेंटिस्ट की पढ़ाई करके हलके में लौटी भगवानपुरिया की पत्नी अमनदीप कौर ने कहा कि वह डेरा बाबा नानक हलके की बेटी और बहू है। इस लिए अपने परिवार की सेवा करना उनका पहला कर्तव्य है। जिसे पूरा करने के लिए वह आई है। उन्होंने दावा किया कि वह अब स्थायी रुप से यही रहकर जनसेवा करेगी।
गैंगस्टर मां के पेट से पैदा नहीं होता
पति जग्गू भगवानपुरिया पर लगे गैंगस्टर के ठप्पे के सवाल के जवाब पर उन्होंने कहा कि वह जग्गू नहीं, जगदीप सिंह अठवाल है। कोई भी गैंगस्टर अपनी मां के पेट से पैदा नहीं होता। उन्होंने कहा कि उनके पति को भी एक आम इंसान की तरह देखना चाहिए और गैंगस्टर का टैग खत्म होना चाहिए।
अमनदीप ने कहा कि विधानसभा हलका डेरा बाबा नानक सुविधाओं के रुप में बेहद ही पिछड़ा हुआ है। सेहत व शिक्षा में हलका काफी पीछे है। आज भी लोगों का इलाज के लिए अमृतसर या अन्य बड़े शहरों में जाना पड़ता है।
यह भी पढ़ें- गुरदासपुर पहुंचे सचिन पायलट और परगट सिंह, बोले- गैंगस्टरों और नशे की गिरफ्त में पंजाब की कानून-व्यवस्था
युवाओं को रोजगार मिले तो नशा खत्म होगा
नशे संबंधी पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि केवल नशा-नशा कहने से इसका समाधान नहीं होगा, नशे की असली जड़ बेरोजगारी है। अगर युवाओं को रोजगार मिले तो वह खुद ही इससे तौबा कर लेंगे। उन्होंने बताया कि उनसे पहले जगदीप की मासी राजविंदर कौर के नेतृत्व में उनकी टीम काम कर रही थी। अब लोगों की इच्छा मुताबिक वह राजनीति में उतरी है।
उन्हें विश्वास है कि 2027 के चुनाव में जीत दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि मेरा पिछोकड़ राजनीति से संबंधित नहीं है। बस लोगों के प्यार सदके ही वह राजनीति में उतरी है। उन्होंने कहा कि पहले भी हम लोगों की सेवा कर रहे थे, लेकिन कुछ चीजों को लागू करवाने के लिए राजनीति में उतरना जरुरी था।
