गुरदासपुर पहुंचे सचिन पायलट और परगट सिंह, बोले- गैंगस्टरों और नशे की गिरफ्त में पंजाब की कानून-व्यवस्था
कांग्रेस नेताओं सचिन पायलट और परगट सिंह ने गुरदासपुर का दौरा कर पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, नशे के प्रकोप और गैंगस्टरों की धमकियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

गुरदासपुर पहुंचे पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और प्रधान परगट सिंह।
HighLights
पंजाब में कानून-व्यवस्था और नशे पर कांग्रेस का हमला।
सचिन पायलट ने गुरदासपुर में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
गैंगस्टर जेलों से आपराधिक नेटवर्क चला रहे, धमकियां जारी।
डिजिटल डेस्क, गुरदासपुर। पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और नशे के बढ़ते खतरे को लेकर कांग्रेस ने राज्य और केंद्र दोनों सरकारों पर तीखा हमला बोला है। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह सोमवार को गुरदासपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में अमन-चैन की स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए नशे के कारोबार और लगातार सामने आ रही गोलीबारी की घटनाओं को प्रमुखता से उठाया।
सचिन पायलट ने कहा कि इन गंभीर समस्याओं ने पंजाब को अंदर से खोखला कर दिया है, जिसका सबसे बुरा असर राज्य के युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है। मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि वह गुरदासपुर में उन परिवारों से मिलने आए हैं, जिन्होंने गैंगस्टरों की हिंसा और नशे के दलदल में फंसकर अपने परिजनों को खो दिया है।
उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी भयावह है कि आपराधिक मामलों में गवाह डर के मारे मुकर रहे हैं, और पीड़ित परिवारों को आज भी गैंगस्टरों की तरफ से फोन पर धमकियां मिल रही हैं। पायलट ने कहा कि पंजाब इस समय 'चिट्टे' यानी ड्रग्स, अवैध हथियारों, गैंगस्टरों और जबरन वसूली के सबसे खतरनाक दौर से गुजर रहा है। सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद यहां शांति बनाए रखने में वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
यह भी पढ़ें- अमित शाह के दौरे से पहले संघर्ष कमेटी और परविंदर झोटा के पिता के बीच बनी दूरियां; परिवार खुद करेगा स्वागत
केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे पर उठाए सवाल
केंद्रीय गृह मंत्री के संभावित पंजाब दौरे पर तंज कसते हुए सचिन पायलट ने कहा कि उनका आना स्वागत योग्य है, लेकिन उन्हें पंजाब की जनता को जवाब देना चाहिए कि सीमा पार से आ रहे अवैध ड्रोन, हथियार और ड्रग्स को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने क्या कदम उठाए हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब केंद्र सरकार ने सीमा सुरक्षा बल का अधिकार क्षेत्र बढ़ाकर अंतरराष्ट्रीय सीमा से 50 किलोमीटर अंदर तक कर दिया था, तब भी लगातार नशा और हथियार क्यों आ रहे हैं? देश में पिछले लंबे समय से सरकार होने के बावजूद इस पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है।
यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा को इंसाफ दिलाने के लिए पूरे पंजाब में धरने-प्रदर्शन, मोहाली में भी MLA ऑफिस के बाहर जुड़ी भीड़
जेलों से चल रहा आपराधिक नेटवर्क
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कुख्यात गैंगस्टर जेलों के भीतर से बैठकर अपने आपराधिक नेटवर्क को धड़ल्ले से संचालित कर रहे हैं। विदेश और इंटरनेट आधारित नंबरों से लोगों को लगातार फोन कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए रंगदारी मांगी जा रही है। नेताओं ने मांग की कि युवाओं को बचाने और प्रदेश में सुरक्षित माहौल कायम करने के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर कड़े कदम उठाने होंगे, तभी राज्य को इस काले दौर से बाहर निकाला जा सकता है।
