गुरदासपुर में निकली भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ’ यात्रा, कृष्ण पाल गुर्जर ने कांग्रेस और पंजाब सरकार पर साधा निशाना
गुरदासपुर में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पैदल यात्रा निकाली। केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कांग्रेस और पंजाब ...और पढ़ें

भाजपा रैली में पहुंचे कृष्ण पाल गुर्जर व सीनियर नेता।
HighLights
भाजपा ने गुरदासपुर में 'लोकतंत्र बचाओ' पैदल यात्रा निकाली।
गुर्जर ने कांग्रेस-AAP पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
पंजाब को नशामुक्त और खुशहाल बनाने का संदेश दिया।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। पंजाब में राजनीतिक गतिविधियों को तेज करते हुए भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरदासपुर में मंगलवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पैदल यात्रा निकाली गई। जिला भाजपा अध्यक्ष बघेल सिंह बाहिया की अध्यक्षता में आयोजित इस यात्रा में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर विशेष रूप से शामिल हुए।
इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, देश की तरक्की और पंजाब को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले करते हुए दोनों दलों की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
केंद्रीय मंत्री गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस सहित विपक्ष के कई दल देश में अराजकता का माहौल पैदा कर विकास की गति में बाधा डालना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को देश की लगातार हो रही तरक्की पसंद नहीं आ रही और इसी कारण वह विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
यह भी पढ़ें- पंजाब के 801 युवाओं को सरकारी नौकरी, CM ने सौंपे नियुक्ति पत्र; बोले-खर्ची और पर्ची नहीं, योग्यता को प्राथमिकता
कांग्रेस को संविधान के प्रति सम्मान नहीं
केंद्रीय मंत्री ने संविधान के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस के दिल में संविधान के प्रति सम्मान नहीं है, बल्कि संविधान की प्रति केवल हाथ में दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में संविधान की भावना के विपरीत कई फैसले लिए गए और सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस पर बूथ कब्जाने का लगाया आरोप
गुर्जर ने कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे वोट चोरी के मुद्दे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले अपने पुराने शासनकाल को याद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में चुनावों के दौरान बूथों और मतपेटियों पर कब्जे की घटनाएं होती थीं।
कई स्थानों पर मतदाताओं को डराने-धमकाने और हिंसा की घटनाएं भी सामने आती थीं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चुनावी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हुई है। उन्होंने कहा कि आज देश के विभिन्न राज्यों में चुनाव संपन्न हो रहे हैं और चुनावी व्यवस्था में सुधार हुआ है।
यह भी पढ़ें- 'चुनाव नहीं लड़ूंगा, पार्टी के लिए काम जारी रहेगा', पूर्व MP मोहिंदर केपी ने संन्यास लेने की अटकलों को किया खारिज
पंजाब की मौजूदा स्थिति पर जताई चिंता
केंद्रीय मंत्री ने पंजाब की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पंजाब को नशे की समस्या ने बुरी तरह प्रभावित किया, जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार भी इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सफल नहीं रही है।
गुर्जर ने कहा कि पंजाब को फिर से खुशहाल, सुरक्षित और विकासशील राज्य बनाने के लिए राजनीतिक बदलाव जरूरी है। भाजपा का उद्देश्य प्रदेश में विकास, सुरक्षा और सुशासन को प्राथमिकता देना है।
यह भी पढ़ें- FIR और आरोप मात्र से नहीं छिन सकती नौकरी, हाईकोर्ट ने पंजाब पुलिस में कांस्टेबल की सेवा बहाल करने के दिए आदेश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।