पंजाब के 801 युवाओं को सरकारी नौकरी, CM ने सौंपे नियुक्ति पत्र; ड्यूटी टाइम में बर्ताव अच्छा रखने का दिया मंत्र
पंजाब सरकार ने मिशन रोजगार के तहत 801 युवाओं को सरकारी नौकरी दी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में नियुक्ति पत्र सौंपते हुए योग्यता आधारित भर्ती का दावा किया।
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब सरकार की ओर से मिशन रोजगार के तहत 801 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली। मोहाली के विकास भवन में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इस दौरान सीएम मान ने नियुक्त पाने वाले युवाओं को गुरु नानक देव और गुरु गोबिंद सिंह के साहिबजादों का उदाहरण देते हुए ईमानदारी से अपने जिम्मेदारी निभाने का पाठ पढ़ाया।सीएम ने कहा कि अगर कोई बुजुर्ग आपसे कामकाज के सिलसिले में मिलने आए तो उससे अच्छे से व्यवहार करना ताकि वो आपको दुआ दे कि बड़ी कुर्सी मिले।
सत्ता में आने के बाद से ही पंजाब सरकार युवाओं को सरकारी नौकरियां देने की दिशा में लगातार काम कर रही। सरकारी नौकरी सरकार की गारंटियों में से एक है। वर्ष 2022 से अब तक 71,777 युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी हैं।
801 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद यह संख्या बढ़कर 72,578 पहुंच गई। सरकार का दावा है कि बिना खर्ची-पर्ची और सिफारिश से नौकरियां दी जा रही हैं। यह भी दावा है कि अब तक किसी भी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठा है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आम आदमी पार्टी की सरकार की ओर से पंजाब के विकास के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।